छपरा के कटहरी बाग में दिनदहाड़े महिला से चेन स्नैचिंग,सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
चेन चोरी के बाद आपबीती बताती महिला
Saran News: छपरा के नगर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस को चुनौती देते हुए दिनदहाड़े छिनतई की वारदात को अंजाम दिया है. कटहरी बाग में बैंक जा रही महिला से बाइक सवार दो बदमाशों ने सोने की चेन छीन ली और फरार हो गए. शहर में बढ़ती इन घटनाओं से स्थानीय लोगों में भारी दहशत है.
Saran News(हरि प्रकाश मिश्रा): छपरा जिला मुख्यालय में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं. नगर थाना क्षेत्र के कटहरी बाग स्थित महारानी स्थान के समीप मंगलवार को बाइक सवार उचक्कों ने बैंक जा रही एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए. दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है.
हेलमेट पहनकर आए थे बदमाश
पीड़ित महिला की पहचान बिचला तेलपा मोहल्ला निवासी संजय कुमार की पत्नी वसुंधरा देवी के रूप में हुई है. पीड़िता ने बताया कि वह दोपहर के समय पैदल ही बैंक के काम से घर से निकली थीं. जैसे ही वह महारानी स्थान के पास पहुंचीं, एक बाइक पर सवार दो युवक हेलमेट पहने आए और झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन छीन ली. शोर मचाने तक अपराधी तेज रफ्तार बाइक से आंखों से ओझल हो चुके थे.
सीसीटीवी खंगाल रही है पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. नगर थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आसपास के लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. उन्होंने कहा कि “अपराधियों की पहचान के लिए तकनीकी टीम की मदद ली जा रही है. जल्द ही आरोपियों को चिह्नित कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा.”
शहर में बढ़ी छिनतई की घटनाएं, होमगार्ड जवान भी शिकार
नगर थाना क्षेत्र में हाल के दिनों में चेन स्नैचिंग और झपटमारी की घटनाओं में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है। अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस का आलम यह है कि अब वे पुलिस कर्मियों को भी निशाना बनाने से नहीं चूक रहे हैं. बता दें कि बीते सोमवार की देर शाम बदमाशों ने डाकबंगला रोड पर एक होमगार्ड जवान को अपना निशाना बनाया. होमगार्ड डिवीजनल कार्यालय में कार्यरत यह जवान जब ड्यूटी के बाद घर लौट रहे थे, तभी बाइक सवार बदमाशों ने धोखाधड़ी कर उनके गले से सोने की चेन छीन ली और फरार हो गए.
स्थानीय लोगों के अनुसार, अपराधी अब दोपहर के समय को अपराध के लिए सबसे सुरक्षित मान रहे हैं. सुनसान रास्तों पर पैदल चलने वाली महिलाओं और बुजुर्गों को निशाना बनाया जा रहा है. हालांकि, कुछ मामलों में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उचक्कों को गिरफ्तार किया है, लेकिन अधिकतर वारदातों में पुलिस के हाथ अब भी खाली हैं. बढ़ती घटनाओं के कारण शहरवासियों में प्रशासन के प्रति आक्रोश और असुरक्षा का माहौल है.
Read more:जहानाबाद में पटना-गया NH-22 पर भीषण सड़क हादसा, एक की मौत 4 घायल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Aditya Kumar Ravi
बिहार के रहने वाले आदित्य कुमार रवि को पढ़ने-लिखने का बेहद शौक है। वे साहित्य, ग़ज़ल और कविता से गहरा लगाव रखते हैं। किताबों के साथ-साथ वे खेल के भी शौकीन हैं और क्रिकेट में काफी दिलचस्पी रखते हैं। फुर्सत के समय में उन्हें फ़िल्में देखना पसंद है। राजनीति को वे बहुत करीब से देखते और समझते हैं, इसलिए वे खुद को राजनीति का एक समर्पित छात्र मानते हैं। पत्रकारिता आदित्य का जुनून है और वे ज़मीन से जुड़ी खबरों को सामने लाने के लिए ग्राउंड रिपोर्टिंग करना पसंद करते हैं। उन्हें खास तौर पर गहराई से की जाने वाली खोजी खबरों और आंकड़ों पर आधारित डेटा स्टोरीज पर काम करना अच्छा लगता है। इसके अलावा, उन्हें न्यूज़ एंकरिंग और न्यूज़ प्रोडक्शन का भी व्यावहारिक ज्ञान है। आदित्य के पास 'दैनिक भास्कर' के साथ काम करने का अनुभव है। फिलहाल, वे 'प्रभात खबर' में कंटेंट राइटर के तौर पर काम कर रहे हैं, जहाँ फील्ड से आने वाली खबरों को संवारने और उन्हें वेबसाइट पर पाठकों तक पहुँचाने की जिम्मेदारी वे बखूबी निभाते हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










