सोनपुर में बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचे CM सम्राट चौधरी, खुद परोसा खाना और पीड़ितों के साथ बैठकर किया भोजन
नोट: फोटो नंबर 7 सीएचपी 3 है कैप्सन होगा- भोजन परोसते सीएम | Prabhat Khabar Network
बिहार के सोनपुर में बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा लेने पहुंचे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पीड़ितों को खाना परोसा और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।
Saran flood Update : बिहार में बाढ़ के गंभीर हालात के बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सारण जिले के सोनपुर और वैशाली के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने सोनपुर शहर के स्काउट एंड गाइड सेंटर में बनाए गए कम्युनिटी किचन का औचक निरीक्षण कर राहत व्यवस्था का जायजा लिया. सीएम ने खुद भोजन चखकर उसकी गुणवत्ता परखी और इसके बाद बाढ़ पीड़ितों को अपने हाथों से खाना परोसा. उन्होंने शिविर में मौजूद बच्चों और अन्य पीड़ितों के साथ बैठकर भोजन भी किया.
आपके शहर में
कम्युनिटी किचन में खुद चखा खाना, फिर पीड़ितों को परोसा
मुख्यमंत्री ने कम्युनिटी किचन में तैयार भोजन की गुणवत्ता और व्यवस्था की जानकारी ली. व्यवस्थाओं को परखने के लिए उन्होंने स्वयं भोजन चखा. इसके बाद उन्होंने बाढ़ पीड़ितों को अपने हाथों से भोजन परोसा. मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर राहत शिविर में मौजूद लोगों में उत्साह और भरोसा देखने को मिला.
बाढ़ पीड़ितों के साथ बैठकर किया भोजन
भोजन परोसने के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राहत शिविर में मौजूद बाढ़ पीड़ितों के साथ बैठकर भोजन किया. बच्चों और अन्य लोगों के साथ भोजन करते हुए उनका यह मानवीय अंदाज लोगों के बीच चर्चा का विषय रहा. पीड़ितों ने मुख्यमंत्री के इस व्यवहार से राहत और अपनापन महसूस किया.
अधिकारियों को राहत व्यवस्था की कड़ी मॉनिटरिंग का निर्देश
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर राहत और बचाव कार्यों की समीक्षा की. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि बाढ़ पीड़ितों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए. राहत शिविरों में भोजन, शुद्ध पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाएं और साफ-सफाई की व्यवस्था लगातार बेहतर बनाए रखने को कहा.
हर स्तर पर राहत कार्यों की निगरानी का आदेश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राहत कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों तक सरकारी सहायता समय पर पहुंचनी चाहिए और राहत शिविरों में उपलब्ध सुविधाओं में किसी तरह की कमी नहीं रहनी चाहिए.
पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद का आश्वासन
मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में राज्य सरकार पूरी तरह प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है. सरकार की ओर से पीड़ितों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करायी जा रही है. उन्होंने कहा कि नदियों के जलस्तर में सुधार हो रहा है और उम्मीद है कि अगले कुछ दिनों में स्थिति सामान्य हो जाएगी.
कुशवाहा चौक पर सीएम का हुआ स्वागत
मुख्यमंत्री के सोनपुर दौरे के दौरान कुशवाहा चौक पर भाजपा नेता लालबाबू कुशवाहा के नेतृत्व में उनका स्वागत भी किया गया. इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे.
डिप्टी सीएम समेत कई अधिकारी रहे मौजूद
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री के साथ डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी, स्थानीय विधायक विनय कुमार सिंह, डीएम वैभव श्रीवास्तव समेत स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए