छपरा व्यवहार न्यायालय परिसर में जहरीली स्प्रे से अफरा-तफरी, अधिवक्ताओं और मुवक्किलों को सांस लेने में हुई परेशानी
बरामद जहरीली गैस स्प्रे | Prabhat Khabar Network
छपरा व्यवहार न्यायालय परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब दो पक्षों के विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने जहरीला स्प्रे छिड़क दिया। इससे अधिवक्ताओं और मुवक्किलों को सांस लेने में दिक्कत हुई। पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया और स्प्रे जब्त कर लिया।
Saran News : व्यवहार न्यायालय परिसर में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गयी, जब दो पक्षों के बीच विवाद के दौरान एक व्यक्ति द्वारा कथित रूप से जहरीली गैस स्प्रे किये जाने के बाद अधिवक्ताओं और मुवक्किलों को सांस लेने में परेशानी होने लगी. घटना डॉ. राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमा के समीप की बतायी जा रही है. अधिवक्ताओं ने स्प्रे करने के आरोपित व्यक्ति को पकड़ लिया और उसके पास से स्प्रे बरामद कर व्यवहार न्यायालय में तैनात पुलिसकर्मियों को सौंप दिया.
विवाद के दौरान महिला पर स्प्रे करने का आरोप
बताया गया कि बलिया जिले के जोकती थाना क्षेत्र के चौबे की दलकी गांव निवासी रोहित चौबे का अपने भाई की पत्नी मधु चौबे के साथ विवाद हो रहा था. मधु चौबे दाउदपुर थाना क्षेत्र के बगोईचा की रहने वाली हैं. इसी दौरान रोहित चौबे द्वारा कथित रूप से पैकेट से एक स्प्रे निकालकर महिला पर छिड़क दिया गया.
स्प्रे की गंध फैलते ही आसपास मौजूद लोगों को परेशानी होने लगी. अधिवक्ताओं और मुवक्किलों के अनुसार, कई लोगों की आंखों से पानी आने लगा और सांस लेने में दिक्कत होने लगी. कुछ देर के लिए परिसर में अफरा-तफरी की स्थिति बन गयी.
अधिवक्ताओं ने आरोपी को पकड़कर स्प्रे किया जब्त
घटना के बाद वहां मौजूद अधिवक्ताओं ने रोहित चौबे को पकड़ लिया. उसके पास मौजूद स्प्रे को जब्त कर व्यवहार न्यायालय के पुलिसकर्मियों को सौंप दिया गया. अचानक हुई इस घटना के बाद कई अधिवक्ताओं ने न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाये.
अधिवक्ताओं का कहना था कि न्यायालय परिसर में यदि कोई व्यक्ति इस तरह की खतरनाक वस्तु लेकर प्रवेश कर सकता है, तो सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त किये जाने की जरूरत है. उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की.
नगर थाने में प्राथमिकी के लिए दिया आवेदन
घटना के संबंध में मधु चौबे ने छपरा नगर थाना में लिखित प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन दिया है. पुलिस मामले में आवेदन और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है.
दहेज प्रताड़ना से जुड़े मामले की सुनवाई के लिए आयी थीं महिला
बताया गया कि मधु चौबे ने दहेज अधिनियम और प्रताड़ना से संबंधित एक परिवाद पत्र दाखिल कर रखा है. इसी मामले की सुनवाई प्रथम श्रेणी न्यायिक अधिकारी सुधा कुमारी के न्यायालय में जांच संख्या 70/25 के तहत होनी थी. इसी सिलसिले में मधु चौबे और विपक्षी पक्ष के लोग न्यायालय परिसर पहुंचे थे. इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद के बाद स्प्रे करने की घटना हुई.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए