सारण: तरैया में गंडक नहर में तैरता मिला शव, पहचान में जुटी पुलिस
तरैया थाना | Prabhat Khabar Network
सारण के तरैया बाजार के पास गंडक नहर में एक व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया है. तेज दुर्गंध के कारण शव निकालने में पुलिस को परेशानी हो रही है. गोपालगंज से कुछ लोग पहचान के लिए पहुंचे हैं.
Saran News : तरैया बाजार के समीप से गुजरने वाली गंडक नहर में शुक्रवार की शाम एक व्यक्ति का शव तैरता हुआ मिलने से इलाके में चर्चा फैल गयी. तरैया-मशरक एसएच-73 पर स्थित रामबाग गंडक नहर पुल के पास चैनपुर गांव की ओर जाने वाले नहर बांध के रास्ते से गुजर रहे राहगीरों ने पानी में शव को तैरते देखा. कुछ दूरी पर शव झाड़ियों में फंसकर रुक गया था.
दुर्गंध के कारण शव निकालने में हो रही परेशानी
शव से काफी तेज दुर्गंध आ रही थी. सूचना मिलने के बाद तरैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और नहर से शव निकालने का प्रयास शुरू किया. हालांकि, दुर्गंध के कारण पुलिसकर्मियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा. समाचार प्रेषण तक शव को नहर से बाहर निकालने की प्रक्रिया जारी थी.
पहचान के लिए पहुंचे कुछ लोग
तरैया थानाध्यक्ष सत्यम प्रताप ने बताया कि गंडक नहर के पानी में शव तैरते जाने की सूचना मिली थी. पुलिस शव को बाहर निकालने का प्रयास कर रही है. वहीं, कुछ लोग गोपालगंज से शव की पहचान के लिए पहुंचे हैं. शव नहर से बाहर निकलने के बाद उसकी पहचान की जायेगी.
थानाध्यक्ष ने बताया कि यदि शव की पहचान नहीं हो पाती है, तो अज्ञात शव की प्रक्रिया शुरू करते हुए नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जायेगी.
शव मिलने की सूचना पर जुटे ग्रामीण
रामबाग नहर पुल के समीप शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुटने लगे. हालांकि, तेज दुर्गंध के कारण लोग शव के पास अधिक देर तक नहीं रुक पा रहे थे. पुलिस शव की पहचान और पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए