रजिस्ट्री ऑफिस के चक्कर, कागजों का झंझट और फोटोकॉपी की लाइन खत्म! परसा में बस एक OTP और मिनटों में हो गई जमीन की रजिस्ट्री
परसा अवर निबंधन कार्यालय में शुक्रवार को पेपरलेस भूमि रजिस्ट्री का शुभारंभ | Prabhat Khabar Network
बिहार के परसा अवर निबंधन कार्यालय में पेपरलेस भूमि रजिस्ट्री की शुरुआत हुई। अब डिजिटल प्रक्रिया से लोगों को मिलेगी राहत और रजिस्ट्री में आएगी पारदर्शिता।
Saran News: सारण के परसा में जमीन की खरीद-बिक्री करने वालों के लिए अब कागजों के भारी-भरकम पुलिंदे और दफ्तर के अंतहीन चक्कर बीते दिनों की बात होने जा रही है. बिहार सरकार के निर्देश पर परसा अवर निबंधन कार्यालय में शुक्रवार से बहुप्रतीक्षित पेपरलेस भूमि रजिस्ट्री व्यवस्था का विधिवत शुभारंभ कर दिया गया. अवर निबंधक पदाधिकारी राखी कुमारी ने कंप्यूटर का माउस क्लिक कर इस अत्याधुनिक और पूरी तरह डिजिटल व्यवस्था की शुरुआत की.
मुन्नी खातून के नाम हुई पहली डिजिटल रजिस्ट्री
इस नई पेपरलेस व्यवस्था के तहत कार्यालय में पहला निबंधन परसा नगर पंचायत क्षेत्र के चेतन परसा निवासी मो. कर्मुल्लाह की पत्नी मुन्नी खातून के नाम से सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया. मौके पर मौजूद अधिकारियों व कर्मियों ने इसे राज्य सरकार की डिजिटल पहल की दिशा में एक बड़ा और क्रांतिकारी कदम बताया.
घर बैठे अपलोड होंगे दस्तावेज, OTP से पूरी होगी प्रक्रिया
अवर निबंधक पदाधिकारी राखी कुमारी ने विस्तार से बताते हुए कहा कि सरकार के निर्देश पर परसा में यह सुविधा शुरू की गई है. इस नई व्यवस्था के तहत भूमि विक्रेता और क्रेता दोनों पोर्टल पर स्वयं सारी जरूरी जानकारियां और दस्तावेज अपलोड कर सकेंगे. इसके साथ ही सभी प्रकार के हस्ताक्षर भी पूरी तरह डिजिटल रूप से दर्ज होंगे. प्रक्रिया के तहत लेख उपलब्ध कराने के उपरांत क्रेता और विक्रेता के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एक ओटीपी (OTP) भेजा जाएगा. ओटीपी सबमिट करते ही रजिस्ट्री की प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूर्ण हो जाएगी.
मोबाइल पर लिंक के जरिए मिलेंगे अभिलेख
अवर निबंधक पदाधिकारी ने बताया कि रजिस्ट्री पूर्ण होते ही संबंधित दस्तावेज क्रेता और विक्रेता दोनों के मोबाइल नंबर पर लिंक के माध्यम से भेज दिए जाएंगे. पेपरलेस व्यवस्था लागू हो जाने से आम जनता को कागजात तैयार कराने, फोटोस्टेट कराने और बार-बार कार्यालय के चक्कर काटने की परेशानी से पूरी तरह मुक्ति मिलेगी. इससे न केवल आम जनता को बड़ी सहूलियत होगी, बल्कि पूरी निबंधन प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता भी आएगी.
उद्घाटन के दौरान ये कर्मी रहे मौजूद
इस ऐतिहासिक शुरुआत के मौके पर लेखपाल वरुण कुमार, कर्मी दीपक कुमार, मनीष कुमार, सत्येंद्र कुमार, कातिब महमूद आलम, उमेश राय सहित निबंधन कार्यालय के कई अन्य कर्मी व गणमान्य लोग उपस्थित रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









