सारण में बड़ी वारदात: बीजेपी नेता के भाई पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर भागे शूटर, पुलिस ने 2 को दबोचा; वजह हैरान कर देगी!
PMCH में इलाज़रत भाजपा नेता के भाई | Prabhat Khabar Network
सारण जिले में बीजेपी नेता जितेंद्र सोनी के भाई बजरंग प्रसाद सोनी पर जानलेवा हमला हुआ है, जिसमें उन्हें तीन गोलियां लगीं. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. पुराना जमीनी विवाद इस घटना के पीछे की वजह बताया जा रहा है.
Saran News: सारण जिले के अमनौर थाना क्षेत्र के हुस्सेपुर गांव निवासी और भाजपा ओबीसी मोर्चा (सारण पूर्वी) के जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र सोनी के छोटे भाई बजरंग प्रसाद सोनी पर हुए जानलेवा हमले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. जख्मी के फर्द बयान के आधार पर पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
Firing In Saran: दुकान बंद कर लौटते वक्त मारी थी 3 गोलियां
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि गुरुवार की देर शाम बजरंग प्रसाद सोनी रसूलपुर बाजार स्थित अपनी दुकान बंद कर भतीजे के साथ बाइक से घर लौट रहे थे. इसी दौरान मध्य विद्यालय रसूलपुर के पास बाइक सवार अपराधियों ने पीछा कर उन पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी. अपराधियों ने उन्हें ताबड़तोड़ तीन गोलियां मारीं और मौके से फरार हो गए. गंभीर रूप से घायल बजरंग प्रसाद सोनी का इलाज फिलहाल पीएमसीएच, पटना में चल रहा है.
'जेल से बेल' और फिर खौफनाक वारदात
घटना के पीछे की वजह पुराना जमीनी विवाद बताया जा रहा है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, दिसंबर 2025 में आपसी विवाद में दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई थी, जिसमें जितेंद्र सोनी और बजरंग सोनी घायल हुए थे. उस मामले में आरोपी जेल गए थे, लेकिन जमानत पर बाहर आते ही उन्होंने पीड़िता पक्ष को धमकी दी थी कि "आज जेल होई, कल बेल होई और कल उहे खेल होई!"
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पुलिस को लिखित शिकायत देकर अनहोनी की आशंका जताई गई थी, लेकिन समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए, जिससे अपराधियों का मनोबल बढ़ गया.
पुलिस की कार्रवाई: दो गिरफ्तार, एक की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही मढ़ौरा डीएसपी सविंदर कुमार दास और अमनौर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के दो आरोपियों—यश राज और मंजीत कुमार उर्फ अमन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. वहीं, तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
Also Read: सारण: मढ़ौरा में स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां तेज़, एसडीएम ने समारोह स्थल का लिया जायजा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









