विधानसभा में गूंजा छपरा डबल डेकर पुल निर्माण में देरी का मुद्दा, विधायक छोटी कुमारी ने सरकार से की कार्रवाई की मांग

विधान सभा में डबल डेकर का मामला उठाती विधायक
छपरा में निर्माणाधीन डबल डेकर पुल के निर्माण में अत्यधिक देरी का मामला बिहार विधानसभा में प्रमुखता से उठा. विधायक छोटी कुमारी ने सरकार से शीघ्र पूरा कराने और जिम्मेदार एजेंसी पर कार्रवाई की मांग की है. जनता वर्षों से इस परियोजना के पूरा होने का इंतजार कर रही है.
छपरा: बिहार विधानसभा के शून्यकाल में बुधवार को छपरा में निर्माणाधीन डबल डेकर पुल के निर्माण में हो रही अत्यधिक देरी का मामला प्रमुखता से उठा. विधायक छोटी कुमारी ने सरकार का ध्यान इस ओर आकर्षित करते हुए कहा कि चार वर्षों में पूरी होने वाली परियोजना आठ वर्ष बाद भी अधूरी पड़ी है, जिससे आम जनता और व्यापारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
विधायक ने कहा कि वह यह मुद्दा पूर्व विधानसभा सत्र में भी उठा चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं हुई. उन्होंने कहा कि परियोजना में लगातार हो रही देरी से हजारों दुकानदार और व्यवसायी आर्थिक रूप से प्रभावित हुए हैं.
दुकानदारों पर पड़ा आर्थिक संकट
छोटी कुमारी ने कहा कि लंबे समय से सड़क खोदी रहने और निर्माण कार्य अधूरा रहने के कारण कई व्यापारी आर्थिक संकट और कर्ज के बोझ तले दब गए हैं. वहीं आम नागरिकों को भी प्रतिदिन भीषण जाम, धूल-प्रदूषण और आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.
जिम्मेदार एजेंसी पर हो कार्रवाई
विधायक ने सरकार से मांग की कि डबल डेकर पुल का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर शीघ्र पूरा कराया जाए. साथ ही निर्माण में हुई देरी के लिए जिम्मेदार एजेंसी की जवाबदेही तय कर उसके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाए. उन्होंने प्रभावित दुकानदारों एवं व्यवसायियों को उचित मुआवजा और राहत प्रदान करने की भी मांग की.
जनता को जल्द मिले राहत
उन्होंने कहा कि छपरा की जनता वर्षों से इस महत्वपूर्ण परियोजना के पूरा होने का इंतजार कर रही है. जनता की समस्याओं को देखते हुए अब इस कार्य में किसी भी प्रकार की देरी स्वीकार्य नहीं है. सरकार को जनहित में शीघ्र ठोस कदम उठाकर इस महत्वाकांक्षी परियोजना को जल्द पूरा कराना चाहिए.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










