सारण: परसा में अपहरण मामले का फरार अभियुक्त गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा

सारण में परसा थाना पुलिस ने एक अपहरण मामले में फरार चल रहे अभियुक्त सुशांत कुमार को गिरफ्तार किया है. किशोरी को शादी की नीयत से अपहरण कर ले जाने का आरोप है. पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है.
Saran News: परसा थाना कांड संख्या 69/26 में फरार चल रहे नामजद अभियुक्त को परसा थाना पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान थाना क्षेत्र के विशुनपुरा गांव निवासी चंदन महतो के पुत्र सुशांत कुमार के रूप में हुई है. गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर पुलिस ने उसे छपरा व्यवहार न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
ट्यूशन पढ़ने निकली थी किशोरी, नहीं लौटी घर
जानकारी के अनुसार, मामले को लेकर पीड़िता की मां ने परसा थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करायी थी. आवेदन में उन्होंने बताया था कि उनकी पुत्री 11 फरवरी 2026 को ट्यूशन पढ़ने के लिए घर से निकली थी. देर शाम तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की. रिश्तेदारों और परिचितों के यहां भी पता लगाया गया, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला.
बाद में परिजनों को जानकारी मिली कि गांव के ही चंदन महतो का पुत्र सुशांत कुमार उनकी पुत्री को शादी की नीयत से अपहरण कर अपने साथ ले गया है. इसके बाद पीड़िता की मां के आवेदन के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की.
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी
प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से ही पुलिस नामजद अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी. इसी क्रम में बुधवार को पुलिस को सुशांत कुमार के विशुनपुरा गांव में मौजूद होने की गुप्त सूचना मिली. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गांव में छापेमारी कर फरार चल रहे नामजद अभियुक्त सुशांत कुमार को गिरफ्तार कर लिया.
न्यायिक हिरासत में भेजा गया
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और अभियुक्त को छपरा व्यवहार न्यायालय में प्रस्तुत किया. न्यायालय के आदेश के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है. पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी.
Also Read: तेज प्रताप यादव की जेल से रिहाई पर गुस्से में छात्र, बोले- यहां वीआईपी कल्चर चल रहा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










