छपरा आयोजना क्षेत्र विस्तार प्रस्ताव को हरी झंडी, अब विकास का ब्लूप्रिंट होगा तैयार

Published by :AMLESH PRASAD
Updated at :13 May 2026 8:43 PM
विज्ञापन
छपरा आयोजना क्षेत्र विस्तार प्रस्ताव को हरी झंडी, अब विकास का ब्लूप्रिंट होगा तैयार

छपरा आयोजना क्षेत्र के विस्तार को लेकर बुधवार को हरी झंडी मिल गई. इससे सारण के विकास का मार्ग प्रशस्त हो गया.

विज्ञापन

छपरा. छपरा आयोजना क्षेत्र के विस्तार को लेकर बुधवार को हरी झंडी मिल गई. इससे सारण के विकास का मार्ग प्रशस्त हो गया जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में विभिन्न हितधारकों के साथ इसे लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गयी. बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सांसद सारण राजीव प्रताप रूड़ी भी जुड़े थे. इसके अतिरिक्त छपरा विधायक छपरा छोटी कुमारी, महापौर लक्ष्मी नारायण गुप्ता व उप महापौर रागिणी कुमारी, उप विकास आयुक्त, वन प्रमंडल पदाधिकारी, अपर समाहर्त्ता, नगर आयुक्त छपरा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे. वहीं छपरा,रिविलगंज, जलालपुर, गरखा, मांझी एवं नगरा के बीडीओ एवं अंचलाधिकारी तथा रिविलगंज के कार्यपालक पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े. 2019 के प्रस्ताव में थोड़ा संशोधन, अब 445 वर्ग किलोमीटर में होगा छपरा शहर : बैठक में बताया गया कि वर्ष 2019 में अधिसूचित छपरा आयोजना क्षेत्र लगभग 101 वर्ग किलोमीटर क्षेत्रफल में विस्तारित है. आगामी दो दशकों की आवश्यकताओं, जनसंख्या वृद्धि, आधारभूत संरचना विकास एवं शहरीकरण की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए इसे विस्तारित कर लगभग 445 वर्ग किलोमीटर क्षेत्रफल तक करने का प्रस्ताव नगर विकास एवं आवास विभाग को भेजा गया था. लोगों के आए दावा आपत्ति पर किया गया विचार, फिर दी गयी स्वीकृति : विभागीय निर्देश के तहत प्रस्तावित विस्तार क्षेत्र के संबंध में आमजन व विभिन्न हितधारकों से आपत्ति एवं सुझाव प्राप्त किए गए थे, सभी प्राप्त सुझावों एवं आपत्तियों के निष्पादन के उपरांत आज की सारण जिला आयोजना क्षेत्र प्राधिकार की बैठक में छपरा आयोजना क्षेत्र के विस्तार प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गयी. सांसद रूढ़ी ने भविष्य के मास्टर प्लान को सामने रखा : स्वीकृत प्रस्ताव को राज्य में अनुमोदन के लिए भेजा जाएगा बैठक में माननीय सांसद एवं अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा भविष्य के मास्टर प्लान, सड़क नेटवर्क, जल निकासी, हरित क्षेत्र, यातायात प्रबंधन एवं समेकित विकास को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिये गये. बैठक में प्राप्त स्वीकृति के उपरांत यह प्रस्ताव पुनः नगर विकास एवं आवास विभाग को अनुमोदन के लिए भेजा जायेगा. सक्षम स्तर से स्वीकृति प्राप्त होने के बाद विस्तारित आयोजना क्षेत्र की अधिसूचना जारी की जायेगी तथा उसके उपरांत विस्तृत मास्टर प्लान तैयार किया जायेगा. आंकड़ों में यह रहेगी स्थिति : प्रस्तावित विस्तारित आयोजना क्षेत्र में कुल 422.83 वर्ग किलोमीटर ग्रामीण क्षेत्र एवं 22.19 वर्ग किलोमीटर शहरी क्षेत्र शामिल है. ग्रामीण क्षेत्र में छपरा प्रखंड के 111 राजस्व ग्राम, रिविलगंज के 45 राजस्व ग्राम, मांझी के 4 राजस्व ग्राम, गड़खा के 53 राजस्व ग्राम, जलालपुर के 6 राजस्व ग्राम तथा नगरा के 8 राजस्व ग्राम सहित कुल 227 राजस्व ग्राम शामिल किये गये हैं. शहरी क्षेत्र में छपरा नगर निगम एवं नगर पंचायत रिविलगंज सम्मिलित हैं. विकास का तैयार होगा ब्लूप्रिंट : भविष्य की आवश्यकताओं एवं आकांक्षाओं के अनुरूप संपूर्ण आयोजना क्षेत्र के समेकित विकास के लिए जोन आधारित ब्लू प्रिंट तैयार किया जायेगा. प्रस्तावित मास्टर प्लान के अंतर्गत संभावित भूमि उपयोग में आवासीय क्षेत्र, वाणिज्यिक क्षेत्र, संस्थागत क्षेत्र, औद्योगिक क्षेत्र, परिवहन एवं यातायात कॉरिडोर, हरित एवं मनोरंजन क्षेत्र, जल निकाय संरक्षण क्षेत्र तथा सार्वजनिक उपयोगिताओं के लिए पृथक जोन निर्धारित किये जायेंगे. शहर और ग्रामीण क्षेत्र का होगा संतुलित विकास : इसके अतिरिक्त शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के संतुलित विकास, सुनियोजित सड़क नेटवर्क, जल निकासी प्रणाली, पार्क एवं खुले क्षेत्र, भविष्य के ट्रांसपोर्ट हब, शैक्षणिक एवं स्वास्थ्य संस्थानों के विकास, तथा पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए विस्तृत योजना तैयार की जायेगी. मास्टर प्लान छपरा एवं आसपास के क्षेत्रों में व्यवस्थित शहरीकरण, सतत विकास एवं बेहतर नागरिक सुविधाओं की दिशा में दूरगामी एवं सकारात्मक परिणाम लायेगा.

विज्ञापन
AMLESH PRASAD

लेखक के बारे में

By AMLESH PRASAD

AMLESH PRASAD is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन