छपरा के दिघवारा में गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ा, निचले इलाकों में घुसा बाढ़ का पानी, सिक्सलेन पुल का काम ठप

Updated:
विज्ञापन

बेस कैंप जाने वाले सड़क पर चढ़ा बाढ़ का पानी

Ganga River Water Level: दिघवारा में गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़कर निचले इलाकों में फैल रहा है, जिससे लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं. बाढ़ के कारण मक्का और सब्जियों की फसलों को भारी नुकसान हुआ है. साथ ही, दिघवारा-शेरपुर सिक्सलेन पुल का निर्माण कार्य भी पूरी तरह ठप हो गया है.

विज्ञापन

Ganga River Water Level: दिघवारा में गंगा नदी के जलस्तर में तेजी से बढ़ोतरी जारी है. पिछले दो दिनों में गंगा का पानी निचले इलाकों में तेजी से प्रवेश कर रहा है. आमी से लेकर रामदासचक तक गंगा से सटे क्षेत्रों में बाढ़ के पानी का दबाव लगातार बढ़ रहा है. राईपट्टी, चकनूर, शंकरपुर रोड, बसतपुर समेत कई निचले इलाकों में पानी प्रवेश कर गया है, जिससे लोगों के आवागमन में परेशानी हो रही है.

आपके शहर में

विज्ञापन

बाढ़ के पानी से मक्का और सब्जियों की फसलों को भी काफी नुकसान पहुंचा है. फसल बर्बाद होने से सैकड़ों किसानों में मायूसी है. कई किसान खेतों में तैयार सब्जियों को जल्दबाजी में निकालकर कम कीमत पर बेचने को मजबूर हैं.

गंगा पुल निर्माण कार्य पर लगा ब्रेक

गंगा के बढ़े जलस्तर के बीच दिघवारा से शेरपुर के बीच गंगा नदी पर बन रहे सिक्सलेन सड़क पुल का निर्माण कार्य गंगा से सटे क्षेत्रों में पूरी तरह बंद हो गया है. निर्माण स्थल तक पहुंचने वाले रास्ते पर भी बाढ़ का पानी तेजी से फैल रहा है, जिससे कामकाज पूरी तरह ठप हो गया है.

नोट: फोटो नंबर 2 सीएचपी 21 है कैप्सन होगा-बगही के पास बाढ़ के पानी में डूबी फसलें | Prabhat Khabar Network

रास्ते पर पानी चढ़ जाने के कारण सामान लदे वाहन आगे नहीं बढ़ पा रहे हैं. बाढ़ की स्थिति को देखते हुए बेसकैंप में लगी कई मशीनों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है. बेसकैंप के चारों तरफ पानी तेजी से फैल रहा है, जिससे निर्माण कार्य की रफ्तार पर पूरी तरह ब्रेक लग गया है.

बेसकैंप से कीमती सामानों को बाहर निकाला जा रहा है. वहीं, मजदूर भी सुरक्षित स्थानों की ओर जाने लगे हैं. कंपनी की ओर से बेसकैंप और गंगा की ओर आम लोगों के जाने पर रोक लगाने के लिए चेतावनी बोर्ड लगाया गया है.

नोट: फोटो नंबर 2 सीएचपी 18 है कैप्सन होगा-सुरक्षित जगहों पर खड़ी मशीनें  | Prabhat Khabar Network

निचले इलाकों में तेजी से घुस रहा बाढ़ का पानी, फसलों को नुकसान

चकनूर, राईपट्टी, शंकरपुर रोड, बगही और सैदपुर समेत कई जगहों पर बाढ़ का पानी बस्तियों के काफी करीब पहुंच गया है. निचले क्षेत्रों में पानी का प्रवेश लगातार जारी है, जिससे कई इलाके जलमग्न होने लगे हैं.

बगही के पास मक्का और सब्जियों की फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है. नेनुआ, भिंडी, मूली, कद्दू और परवल समेत कई सब्जियां बर्बाद हो गयी हैं. खेतों में पानी घुसने से किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है. कई किसान सब्जियों को खेतों से निकालकर औने-पौने दाम पर बेचने को मजबूर हैं.

मां अंबिका गंगा घाट पर भी बढ़ा खतरा

आमी के मां अंबिका गंगा घाट पर भी स्थिति खतरनाक हो गयी है. बाढ़ का पानी घाट के किनारे स्थित प्रसाद की दुकानों तक पहुंच गया है. ऐसे में यहां गंगा स्नान के लिए जाना जोखिम भरा हो गया है.

नोट: फोटो नंबर 2 सीएचपी 20 है कैप्सन होगा-आमी के गंगा घाट पर दुकानों तक पहुंचा बाढ़ का पानी | Prabhat Khabar Network

कई स्कूलों तक पहुंचा बाढ़ का पानी

दिघवारा अंचल के कई विद्यालयों तक बाढ़ का पानी पहुंच गया है. विद्यालयों तक जाने वाले रास्तों पर भी पानी चढ़ने लगा है. इससे आने वाले दिनों में पठन-पाठन प्रभावित होने की आशंका है.

प्राथमिक विद्यालय मिल्की, प्राथमिक विद्यालय बगही, नवसृजित प्राथमिक विद्यालय कटहरीघाट मानूपुर समेत कई विद्यालयों के समीप बाढ़ का पानी पहुंच गया है. स्कूलों के प्रधानाध्यापकों ने अपने वरीय अधिकारियों को बाढ़ की स्थिति से अवगत करा दिया है. आवश्यकता पड़ने पर इन विद्यालयों में वैकल्पिक स्थान पर कक्षा संचालन की अनुमति दी जा सकती है.

नोट: फोटो नंबर 2 सीएचपी 19 है कैप्सन होगा-नगर पंचायत दिघवारा के प्राथमिक विद्यालय बगही में घुसा बाढ़ का पानी | Prabhat Khabar Network

अकिलपुर पंचायत में भी तेजी से फैल रहा बाढ़ का पानी

प्रखंड के गंगा पार स्थित अकिलपुर पंचायत में भी बाढ़ का असर लगातार बढ़ रहा है. पंचायत के कई गांवों में पानी तेजी से फैल रहा है. यहां भी फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है.

आवागमन के रास्तों पर पानी चढ़ जाने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गयी हैं. कई लोग सुरक्षित स्थानों की ओर जाने लगे हैं और ऊंचे स्थानों पर अस्थायी ठिकाना बनाकर रह रहे हैं. कई जगहों पर मवेशियों के चारे का संकट भी उत्पन्न होने लगा है.

इसे भी पढ़ें: ‘झंडू कुमार’ को कभी नाम पर मिले ताने, मेडल जीते तो हुआ भव्य स्वागत, पीएम मोदी की भी मिली बधाई

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन