सदर अस्पताल में डीएम-एसएसपी ने किया निरीक्षण, आठ निजी एंबुलेंस चालक हिरासत में

Author Alok kumar
Updated:
विज्ञापन
सदर अस्पताल में डीएम-एसएसपी ने किया निरीक्षण, आठ निजी एंबुलेंस चालक हिरासत में

सदर अस्पताल में दलाली, अनियमितता और सुरक्षा व्यवस्था में कमी को लेकर प्रभात खबर में लगातार खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया.

विज्ञापन

छपरा. सदर अस्पताल में दलाली, अनियमितता और सुरक्षा व्यवस्था में कमी को लेकर प्रभात खबर में लगातार खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया. शुक्रवार देर रात जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने औचक निरीक्षण कर अस्पताल परिसर में व्यापक जांच अभियान चलाया. निरीक्षण के दौरान निजी एंबुलेंस चालकों और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी गयी. कार्रवाई करते हुए आठ निजी एंबुलेंस चालकों को हिरासत में लिया गया व उनके वाहनों का चालान किया गया. चालान की कुल राशि तीन लाख रुपये से अधिक बतायी जा रही है. शनिवार को अस्पताल के आसपास, जहां निजी एंबुलेंस की भरमार रहती थी, वहां पूरी तरह से सन्नाटा छाया रहा.अधिकारियों ने अस्पताल परिसर में दलालों और बाहरी लोगों की आवाजाही पर पूर्ण रूप से रोक लगा दी है. डीएम और एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि मरीजों और परिजनों की सुविधा सर्वोपरि है तथा किसी भी प्रकार की दलाली या अवैध वसूली बर्दाश्त नहीं की जायेगी. भविष्य में ऐसी गतिविधियों में लिप्त पाये जाने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गयी.

रोस्टर के अनुसार ड्यूटी का निर्देश

डीएम ने सिविल सर्जन डॉ राजकुमार चौधरी को रोस्टर के अनुसार चिकित्सकों की ड्यूटी लगाने का निर्देश दिया. विभाग के सामने चिकित्सकों का नाम और मोबाइल नंबर जल्द अंकित करने को कहा गया. सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए अस्पताल के मुख्य द्वार पर स्थायी पुलिस चेक पोस्ट बनाने का निर्णय लिया गया है, जहां 24 घंटे पुलिस बल तैनात रहेगा. सुरक्षा प्रणाली को और प्रभावी बनाने के लिए सीसीटीवी मॉनीटरिंग दुरुस्त की गयी है. पहले जहां एक कंट्रोल रूम से निगरानी होती थी, अब दो कंट्रोल रूम के माध्यम से लगातार मॉनीटरिंग की जायेगी. उल्लेखनीय है कि हाल ही में सिविल सर्जन के ओपीडी निरीक्षण में कई विभागों में चिकित्सक अनुपस्थित पाये गये थे. इस मामले को प्रभात खबर ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था, जिसके बाद डीएम और एसएसपी ने औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिये.

पूरे दिन चलती रही चर्चा, दलाल अस्पताल छोड़ फरार

कार्रवाई के बाद इमरजेंसी विभाग में तैनात सुरक्षाकर्मी सतर्क नजर आये, जबकि पूरे अस्पताल परिसर में शनिवार को एक भी दलाल दिखाई नहीं दिया. पुलिस पकड़े गये निजी एंबुलेंस चालकों से पूछताछ कर रही है. आसपास की चाय दुकानों पर दोनों अधिकारियों की संयुक्त कार्रवाई की चर्चा होती रही. लोगों में उम्मीद जगी है कि इस तरह की कार्रवाई नियमित हो तो दलाली पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सकता है.

विज्ञापन
Alok Kumar

लेखक के बारे में

By Alok Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन