डेंगू पर वार जुलाई भर चलेगा 'एंटी डेंगू माह', स्कूलों से लेकर गांव गलियों तक चलेगा जागरूकता अभियान

Author Vivek ranjan|Edited by Vivek Pandey
Updated:
विज्ञापन
एंटी डेंगू माह: डेंगू से बचाव के लिए जुलाई भर चलेगा अभियान

Anti Dengue Month: सारण में जुलाई माह को 'एंटी डेंगू माह' के रूप में मनाया जाएगा. स्कूलों में क्विज, निबंध और चित्रकला प्रतियोगिता होगी, जबकि नगर निगम की सफाई गाड़ियों से भी डेंगू बचाव का प्रचार किया जाएगा.

विज्ञापन

Anti Dengue Month: सारण जिले में डेंगू के संभावित खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने पूरे जुलाई माह को 'एंटी डेंगू माह' के रूप में मनाने का निर्णय लिया है. इस दौरान स्कूलों, गांवों और शहरी क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाकर लोगों को डेंगू से बचाव के उपाय बताए जाएंगे.

कई विभाग मिलकर चलाएंगे अभियान

अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग, नगर निकाय, शिक्षा विभाग, पंचायती राज संस्थाएं, स्वयंसेवी संगठन और अन्य विभाग मिलकर विभिन्न गतिविधियां आयोजित करेंगे. अभियान का उद्देश्य मच्छरों के प्रजनन पर रोक लगाना, लोगों को व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति जागरूक करना और सामुदायिक भागीदारी से डेंगू पर प्रभावी नियंत्रण करना है.

घरों में पानी जमा नहीं होने देने की अपील

वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अपर निदेशक सह राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार सिन्हा ने अधिकारियों को मच्छरों के प्रजनन स्थलों की पहचान कर उन्हें नष्ट करने का निर्देश दिया है. उन्होंने बताया कि डेंगू फैलाने वाला एडीज मच्छर दिन में भी काटता है, इसलिए पूरे दिन बचाव के उपाय अपनाना जरूरी है.

लोगों से घरों और आसपास साफ पानी जमा नहीं होने देने, पानी की टंकियों को ढककर रखने, कूलर का पानी नियमित बदलने तथा पुराने टायर, टूटे बर्तन और गमलों में पानी नहीं जमा होने देने की अपील की गई है.

स्कूलों में होंगे क्विज, निबंध और चित्रकला प्रतियोगिता

जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. भूपेंद्र कुमार ने बताया कि बच्चों और युवाओं को जागरूक करने के लिए विद्यालयों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. शिक्षकों और विद्यार्थियों के बीच जागरूकता सत्र के साथ-साथ क्विज, निबंध लेखन और चित्रकला प्रतियोगिता भी कराई जाएगी. इसमें क्लस्टर रिसोर्स कोऑर्डिनेटर, ब्लॉक रिसोर्स कोऑर्डिनेटर और शिक्षा विभाग के अधिकारियों का सहयोग लिया जाएगा.

सफाई गाड़ियों से भी होगा प्रचार

नगर निगम और नगर निकायों की कूड़ा उठाने वाली सफाई गाड़ियों के ऑडियो सिस्टम के माध्यम से डेंगू से बचाव संबंधी संदेश प्रसारित किए जाएंगे, ताकि गली-मोहल्लों और गांवों तक लोगों को जागरूक किया जा सके.

विभिन्न विभागों के साथ होगी कार्यशाला

वीडीसीओ सह डेंगू कार्यक्रम की नोडल पदाधिकारी सुमन कुमारी ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए विभिन्न सरकारी विभागों, गैर-सरकारी संगठनों, जनप्रतिनिधियों और अन्य हितधारकों के साथ बैठकें एवं कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी.

डेंगू से बचाव के प्रमुख उपाय

घर और आसपास पानी जमा न होने दें. पानी की टंकियों और बर्तनों को ढककर रखें. कूलर का पानी नियमित रूप से बदलें. पुराने टायर, टूटे बर्तन और नारियल के खोल में पानी जमा न होने दें. पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनें. मच्छरदानी, मच्छररोधी क्रीम और अन्य सुरक्षा उपाय अपनाएं. बुखार आने पर तुरंत नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं.

इसे भी पढ़ें: वैशाली के टॉप-10 अपराधी समेत दो गिरफ्तार, देसी कारबाइन और कट्टा बरामद



विज्ञापन
Vivek Ranjan

लेखक के बारे में

By Vivek Ranjan

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन