छपरा सदर अस्पताल में एक साल से बंद ब्लड कंपोनेंट मशीन, 10 दिन में शुरू कराने की मांग

विज्ञापन

फोटो, एक साल से इंस्टॉलेशन के लिए रखी मशीन

छपरा सदर अस्पताल के ब्लड बैंक में लाखों की ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन मशीन करीब एक साल से बंद पड़ी है. मरीजों की सुविधा के लिए लगी यह मशीन आज तक चालू नहीं हो पाई है. सामाजिक संस्था फेस ऑफ फ्यूचर इंडिया ने स्वास्थ्य विभाग को 10 दिनों का अल्टीमेटम दिया है.

विज्ञापन

Sadar Hospital Chapra: सदर अस्पताल, छपरा के ब्लड बैंक में मरीजों की सुविधा के लिए उपलब्ध करायी गयी ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन मशीन का करीब एक साल बीतने के बाद भी इंस्टॉलेशन नहीं हो सका है. मशीन का संचालन शुरू नहीं होने को लेकर सामाजिक संस्था फेस ऑफ फ्यूचर इंडिया ने स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है.

आपके शहर में

विज्ञापन

संगठन के अध्यक्ष मंटू कुमार यादव ने सोमवार को सिविल सर्जन, सारण को लिखित आवेदन सौंपकर मशीन का 10 दिनों के भीतर इंस्टॉलेशन कराने और संचालन शुरू करने की मांग की. उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से मशीन उपलब्ध कराये जाने के बावजूद लंबे समय से इसका उपयोग नहीं होना गंभीर जनहित का मामला है.

एक यूनिट रक्त से मिल सकेंगे अलग-अलग रक्त अवयव

मंटू कुमार यादव ने बताया कि ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन की सुविधा शुरू होने के बाद एक यूनिट रक्त से प्लेटलेट्स, प्लाज्मा सहित अलग-अलग रक्त अवयव तैयार किए जा सकेंगे. इससे मरीजों को जरूरत के अनुसार रक्त अवयव उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी.

उन्होंने कहा कि डेंगू, सड़क दुर्घटना और अन्य आपातकालीन मामलों में प्लेटलेट्स और प्लाज्मा की जरूरत पड़ती है. सदर अस्पताल में यह सुविधा शुरू होने से ऐसे मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी.

मरीजों और परिजनों को नहीं भटकना पड़ेगा

संगठन के अध्यक्ष ने कहा कि मशीन के संचालन से सदर अस्पताल में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिल सकेगी. साथ ही उनके परिजनों को रक्त के अलग-अलग अवयवों के लिए दूसरे स्थानों पर भटकना नहीं पड़ेगा.

उन्होंने कहा कि सरकारी स्तर पर मशीन उपलब्ध कराने के बाद भी करीब एक साल तक इसका संचालन शुरू नहीं होना गंभीर विषय है. प्रशासन को इस मामले में तत्काल पहल करनी चाहिए.

10 दिनों में कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

फेस ऑफ फ्यूचर इंडिया ने जिला प्रशासन को 10 दिनों का समय देते हुए मशीन का इंस्टॉलेशन और संचालन शुरू कराने की मांग की है. संगठन ने कहा कि निर्धारित अवधि में ठोस कार्रवाई नहीं होने पर जनहित में लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा.

मौके पर संगठन के सचिव रणजीत कुमार, प्रदेश सचिव मकेश्वर पंडित, मंजीत सिंह समेत अन्य सदस्य मौजूद थे.

इसे भी पढ़ें: उपेंद्र कुशवाहा का आया बयान, तेजस्वी भी समर्थन में; पटना के आंदोलनकारी छात्र सड़क पर उतरने को तैयार


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन