छपरा में झूलन उत्सव का शुभारंभ, जिला जज ने श्रीकृष्ण को झूला झुलाकर किया उद्घाटन
फोटो- झूला झूलते भगवान कृष्ण
छपरा के दौलतगंज स्थित बाबा बटुकेश्वर नाथ मंदिर में श्रीकृष्ण झूलन उत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ. जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने पूजा-अर्चना कर उत्सव का उद्घाटन किया. मंदिर परिसर में 28 अगस्त तक भक्तिमय माहौल रहेगा.
Batukeshwar Nath Temple: शहर के दौलतगंज स्थित बाबा बटुकेश्वर नाथ मंदिर सोमवार को भक्ति और संगीत से गूंज उठा. राज्य के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे कलाकारों ने भक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को खूब झुमाया. मंदिर परिसर में 24 से 28 अगस्त तक श्रीकृष्ण झूलन उत्सव का आयोजन किया जा रहा है.
आपके शहर में
उत्सव के पहले दिन जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनंत कुमार सिंह ने पूजा-अर्चना कर श्रीकृष्ण को झूला झुलाया और कार्यक्रम का शुभारंभ किया. इस अवसर पर वक्ताओं ने झूलन उत्सव की सांस्कृतिक और धार्मिक परंपरा पर प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों को पीढ़ी दर पीढ़ी आगे बढ़ाने की जरूरत है, ताकि नई पीढ़ी भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़ी रहे.
हर दिन पूजा-अर्चना के बाद होगा सांस्कृतिक कार्यक्रम
मंदिर के पुरोहित ध्रुव कुमार मिश्रा उर्फ मुन्ना बाबा ने बताया कि झूलन उत्सव के दौरान हर दिन शाम में सबसे पहले पूजा-अर्चना की जाएगी. इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण होगा और फिर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों को भी आमंत्रित किया गया है. शहर के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में लोग झूलन उत्सव देखने के लिए मंदिर पहुंचते हैं.
कई वर्षों से हो रहा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन
बाबा बटुकेश्वर नाथ मंदिर में पिछले कई वर्षों से झूलन उत्सव के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता रहा है. इसमें अलग-अलग उम्र के कलाकार भगवान श्रीकृष्ण और देवी-देवताओं पर आधारित गीत, संगीत और नृत्य की प्रस्तुति देते हैं. इससे धार्मिक आयोजन के साथ सांस्कृतिक परंपराओं को भी बढ़ावा मिलता है.
शहनाई वादन से हुई कार्यक्रम की शुरुआत
झूलन उत्सव के शुभारंभ के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत मोहम्मद पंजतन के शहनाई वादन से हुई. इसके बाद चर्चित संगीतज्ञ पं. राम प्रकाश मिश्र ने शास्त्रीय संगीत की प्रस्तुति दी. कलाकारों की प्रस्तुतियों पर श्रद्धालुओं ने तालियों से उनका उत्साह बढ़ाया.
इसे भी पढ़ें: उपेंद्र कुशवाहा का आया बयान, तेजस्वी भी समर्थन में; पटना के आंदोलनकारी छात्र सड़क पर उतरने को तैयार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए