saran news. केंद्रों पर देर से पहुंचाने वाले 20 से अधिक छात्र-छात्राएं परीक्षा से वंचित, तीन एक्सपेल्ड, 1150 अनुपस्थित

Updated at : 17 Feb 2025 8:28 PM (IST)
विज्ञापन
saran news. केंद्रों पर देर से पहुंचाने वाले 20 से अधिक छात्र-छात्राएं परीक्षा से वंचित, तीन एक्सपेल्ड, 1150 अनुपस्थित

सारण में मैट्रिक की पहले दिन की परीक्षा बिल्कुल शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई, जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग अलर्ट मोड में था, उड़नदस्ता हर आधे घंटे पर पहुंच रहा था

विज्ञापन

छपरा. सारण में मैट्रिक की पहले दिन की परीक्षा बिल्कुल शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई. जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग अलर्ट मोड में था. उड़नदस्ता हर आधे घंटे पर पहुंच रहा था. बड़ी बात यह रही कि 9:00 बजे के बाद जो भी परीक्षार्थी सेंटर पर पहुंचे, उनको बाहर का रास्ता दिखा दिया गया. जिन परीक्षार्थियों की परीक्षा छूटी उनकी संख्या लगभग 20 बताई जा रही है. सभी जगह बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के आदेश के तहत परीक्षा होती दिखी. जिलाधिकारी अमन समीर के निरीक्षण में हेजल वुड परीक्षा केंद्र से चिट पुर्जा पाए जाने के बाद परीक्षार्थी को परीक्षा से निष्कासित कर दिया गया और वीक्षक को सस्पेंड कर दिया. इसके अलावा दो और परीक्षार्थी नकल के आरोप में परीक्षा से निष्कासित किये गये. दोनों पालियों की परीक्षा में कुल 1150 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे.

लेट-लतीफी को लेकर बार-बार हो रहा था अनाउंसमेंट

पहले दिन की परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों को समय पर परीक्षा केंद्र में इंट्री के लिए स्कूल प्रबंधन द्वारा लगातार लाउडस्पीकर से उद्घोषणा की जा रही थी कि 9:00 बजे सुबह तक सभी को इंट्री दी जायेगी, उसके बाद किसी की भी इंट्री नहीं होगी, लेकिन निर्धारित समय पर गेट बंद होने के बाद भी कुछ परीक्षार्थी केंद्र पहुंचे. जिले के 68 केंद्रों में से 20 के करीब परीक्षार्थी विलंब के कारण परीक्षा नहीं दे पाये.

दोनों पाली में हिंदी की थी परीक्षा

मैट्रिक परीक्षा के पहले दिन दोनों पाली में हिंदी की परीक्षा हुई. परीक्षा के प्रश्न काफी आसान थे. यही कारण था कि पहले दिन परीक्षार्थी 15 मिनट पहले परीक्षा देकर निकल गये. परीक्षा देकर निकले परीक्षार्थियों ने बताया कि प्रश्न स्तरीय थे़ इसलिए कोई परेशानी नहीं हुई़ परीक्षार्थी सुनीता कुमारी, फरहत जहां, दिलकश बानो, सुनंदा कुमारी, पूनम कुमारी, अंजलि रानी आदि ने बताया कि परीक्षा बहुत कड़ाई से ली जा रही है, नकल की छूट नहीं थी.

कड़ी सुरक्षा के बीच हुई परीक्षा

सारण में 68 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच मैट्रिक की परीक्षा संपन्न हुई. जिलाधिकारी अमन समीर ने कहा कि कदाचारमुक्त परीक्षा के आयोजन के लिए जिला प्रशासन कृतसंकल्पित है. उन्होंने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गयी है और परीक्षा भवन के सामने और पीछे के परिसर का वीडियो रिकॉर्डिंग भी करवाया जा रहा है.

पैर पकड़कर मिन्नत करती रही छात्राएं

मैट्रिक परीक्षा के पहले दिन कई परीक्षा केंद्र में विलंब से आने पर छात्राओं की परीक्षा छूट गयी. इस दौरान परीक्षार्थी अधिकारियों से आरजू मिन्नत करती रही, लेकिन गेट नहीं खुला. मजिस्ट्रेट ने कहा कि बिहार बोर्ड की गाइडलाइन के अनुसार 9:00 बजे के बाद इंट्री नहीं है. सुबह 9 बजे परीक्षा केंद्र के गेट को बंद कर दिया गया. उसके बाद किसी भी परीक्षार्थी को इंट्री नहीं दी गयी.

66555 ने भरा था परीक्षा फाॅर्म

मैट्रिक की परीक्षा में प्रथम पाली में 32493 परीक्षार्थी तो द्वितीय पाली में 32909 परीक्षार्थी शामिल हुए. इस तरह कुल उपस्थित परीक्षार्थियों की संख्या 65402 रही. जबकि, फॉर्म भरने वाले परीक्षार्थियों की संख्या 66555 था़ इस तरह 1150 परीक्षार्थी अनुपस्थित पाये गये. प्रथम पाली में 32493 व दूसरी पाली में 32909 ने दी परीक्षा, इनमें 34119 छात्र व 32536 छात्राएं हैं.

मैट्रिक परीक्षा पर एक नजर

छात्र 34119

छात्राएं 32536

कुल परीक्षार्थी 66555

कुल परीक्षा केंद्र 68

मैट्रिक परीक्षा का रूटीन

18 फरवरी गणित

19 फरवरी द्वितीय भारतीय भाषा

20 फरवरी सामाजिक विज्ञान

21 फरवरी विज्ञान

22 फरवरी अंग्रेजी

24 फरवरी ऐच्छिक विषय

25 फरवरी व्यावसायिक ऐच्छिक विषय

जिलाधिकारी ने वीक्षक को किया सस्पेंड

जिलाधिकारी अमन समीर एवं पुलिस अधीक्षक सारण डॉ कुमार आशीष द्वारा संयुक्त रूप से जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया. हेजल वुड पब्लिक स्कूल से से एक वीक्षक को उनसे संबंधित कमरे के परीक्षार्थियों से चिट पुर्जा बरामद होने के आरोप में जिला शिक्षा पदाधिकारी को संबंधित वीक्षक को निलंबित करते हुए अनुशासनिक कार्रवाई करने का निदेश दिया गया. अनुमंडल पदाधिकारी, सोनपुर के साथ द्वितीय पाली में सोनपुर अनुमंडल अंतर्गत सोनपुर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का भ्रमण किया गया तथा उक्त परीक्षा के कदाचारमुक्त एवं स्वच्छ वातावरण तथा शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न कराने के लिए अन्य केंद्राधीक्षकों व संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निदेश दिये गये.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन