तपती और जलती गर्मी बढ़ा रहीं लोगों की मुश्किलें, 43 डिग्री तक पहुंच गया तापमान
Author :Prabhat Khabar Digital Desk
Published by :Prabhat Khabar Digital Desk
Updated at :01 May 2019 5:09 AM
विज्ञापन

छपरा : तापमान में हो रही बढ़ोतरी के बीच लोगों का गर्मी से जीना मुहाल हो गया है. चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा रखी हैं. जल स्तर में काफी कमी आ रही है. नगर निगम द्वारा शहरी क्षेत्र में पेयजल की आपूर्ति तो की जाती है, लेकिन भीषण गर्मी के […]
विज्ञापन
छपरा : तापमान में हो रही बढ़ोतरी के बीच लोगों का गर्मी से जीना मुहाल हो गया है. चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा रखी हैं. जल स्तर में काफी कमी आ रही है. नगर निगम द्वारा शहरी क्षेत्र में पेयजल की आपूर्ति तो की जाती है, लेकिन भीषण गर्मी के कारण पानी की जरूरत बढ़ गयी है जिससे जलापूर्ति के बाद भी पानी कम पड़ जा रहा है.
चापाकलों से पानी निकालने के लिए काफी देर तक मशक्कत करनी पड़ रही है. सड़कें दिन में ही सुनसान हो जा रही हैं. जहां भी राहगीरों को पेड़ की छांव दिख रखी है, बस वहीं पर सुस्ताना ठीक समझ रहे हैं. तेज धूप में कई बार लोगों के हौसले टूट रहे हैं. हालांकि बाजारों में बिक रहे अलग-अलग प्रकार के शीतल पेय पदार्थ थोड़ी राहत दे रहे हैं.
एक सप्ताह से लगातार बढ़ रहा तापमान : बीते एक सप्ताह से जिले के तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. पिछले तीन दिनों में ही तापमान 39 डिग्री से 42 डिग्री तक पहुंच गया है. मंगलवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री दर्ज किया गया, जिसने लोगों के बीच चिंता की लकीर खींच दी है. सुबह आठ बजे से ही कड़ी धूप निकल जा रही है, जो शाम छह बजे तक लोगों को परेशान कर रही है.
गर्मी को देखते हुए सभी स्कूल-कॉलेज मॉर्निंग सत्र में चल रहे हैं जिससे स्कूल जाने में तो कठिनाई नहीं हो रही है, लेकिन घर वापस लौटने में पसीने छूट जा रहे हैं. मंगलवार की भीषण गर्मी को देखते हुए कुछ निजी विद्यालयों ने स्कूल के समय सारणी में परिवर्तन करते हुए एक घंटे पहले छुट्टी किये जाने का निर्णय लिया है.
गर्मी दे रही बीमारियों को दस्तक
तापमान का असर लोगों के स्वास्थ्य पर भी दिख रहा है. सदर अस्पताल में इन दिनों लू और धूप की चपेट में आये मरीजों की संख्या बढ़ी है.
राहत बनकर घरों में दौड़ रही बिजली
गर्मी के बीच बिजली की उपलब्धता लोगों के लिए थोड़ी राहत की बात है. नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन के अधिकारी कुमार गौरव ने बताया कि जिले में बिजली कई खपत लगभग 125 मेगावाट है. फिलहाल खपत से ज्यादा बिजली की उपलब्धता है. अभी जिला को 235 मेगावाट बिजली उपलब्ध है. जिले में कुल चार लाख उपभोक्ता हैं, जिनमें शहरी क्षेत्र में एक लाख उपभोक्ता वहीं ग्रामीण क्षेत्र में उपभोक्ता तीन लाख उपभोक्ता हैं.
सारण में 24 घंटे बिजली की सप्लाइ है. गर्मी के कारण लोड बढ़ा है. ऐसे में कुछ जगहों से फेज डिस्टरबेंस की सूचना मिल रही है. बिजली विभाग द्वारा सभी लाइनमैन को किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की सूचना आने पर तुरंत सप्लाइ ठीक करने का निर्देश दिया गया है.
स्कूलों में भी उपलब्ध कराया जायेगा पेयजल
जिन विद्यालयों में चापाकल से पानी नहीं आ रहा है या जहां का जल स्तर कम हो गया है, उन विद्यालयों में पानी का टैंकर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है. पानी का टैंकर स्कूल के समय में कैंपस में उपलब्ध रहेगा, जिससे बच्चे भरपूर मात्रा में पानी पी सकेंगे.
इसके अलावा स्कूलों में नये चापाकल लगाने का भी निर्देश दिया गया है. लू चलने की स्थिति में तथा मौसम के मिजाज को देखते हुए स्कूल के समय को भी परिवर्तित किया जा सकता है. सभी विद्यालयों में बच्चों को गर्मी एवं लू से बचने के टिप्स भी दिये जायेंगे.
स्कूल के शिक्षक बच्चों को प्रार्थना के समय में ही जानकारी देंगे. बच्चों को सूती एवं हल्के कपड़े पहनकर स्कूल आने का निर्देश दिया जायेगा. बच्चों को गर्मी से होने वाली बीमारियों से बचाव का भी उपाय बताया जायेगा. बच्चों को ग्लूकोज की व्यवस्था भी करायी जायेगी. गर्मी में बच्चे 12:00 बजे से पहले घर पहुंच जाएं इसका भी ध्यान रखा जायेगा.
गर्मी और लू से बचाव के टिप्स
घर से निकलते समय बदन को पूरा ढक लें
कच्चे आम का शरबत पीएं
खस का शरबत पीएं
घर से निकलते समय पानी पीकर निकलें
हल्का भोजन लें
तरल चीजों का प्रयोग ज्यादा करें
ताजा फलों का सेवन करें
मौसमी, तरबूज, खीरा का सेवन करें
खाली पेट ज्यादा देर नहीं रहें
धूप से आकर तुरंत पानी न पीएं
धूप से आकार तुरंत एसी या पंखे में नहीं बैठें
तैलीय चीजों का सेवन नहीं करें
मांसाहार का सेवन कम करें
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










