समस्तीपुर में फाइनेंस कर्मी से लूट का खुलासा, कर्मचारी ही निकला साजिश में शामिल, तीन गिरफ्तार
प्रेस वार्ता कर पकड़े गए आरोपित के बारे में जानकारी देते एसपी संजय पांडे | Prabhat Khabar Network
समस्तीपुर पुलिस ने फाइनेंस कर्मी से 89 हजार की लूट का खुलासा किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटा गया सामान और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की है।
Samastipur Robbery: मुफस्सिल थाना क्षेत्र के धुरलख पुल के पास तीन अगस्त को एलएंडटी फाइनेंस के कर्मी से हुई 89 हजार रुपये की लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. मामले में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपितों के पास से घटना में प्रयुक्त बाइक, तीन मोबाइल, लूटा गया बैग और रेनकोट बरामद किया गया है.
धुरलख पुल के पास हथियार दिखाकर हुई थी लूट
शुक्रवार को सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान एसपी संजय पांडेय ने मामले का खुलासा किया. उन्होंने बताया कि तीन अगस्त को आरोपितों ने धुरलख पुल के पास आसिनपुर जाने वाली सड़क के मोड़ के समीप एलएंडटी फाइनेंस के एफआईओ नीरज कुमार को हथियार का भय दिखाया था.
इसके बाद बदमाशों ने फाइनेंस कर्मी से 89 हजार रुपये नकद और अन्य सामान लूट लिये थे.
तीन आरोपित गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भुईधारा निवासी बाला कापर के पुत्र नन्हें कापर उर्फ अमरजीत कापर, घुरलख वार्ड 31 निवासी विनोद पासवान के पुत्र राजा कुमार उर्फ आदित्य और बेगूसराय जिले के तेघड़ा थाना क्षेत्र के मधुरापुर वार्ड नौ निवासी रामतीरथ तिवारी के पुत्र हरिओम कुमार के रूप में हुई है.
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपित एक संगठित गिरोह के सदस्य हैं और पहले भी कई आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं.
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य से पकड़ा सुराग
लूट की घटना के बाद एसपी के निर्देश पर मुफस्सिल थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया था. टीम ने मानवीय सूचना और तकनीकी साक्ष्य के आधार पर आरोपितों का सुराग लगाया.
इसके बाद अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर तीनों को गिरफ्तार किया गया.
फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी ही निकला साजिश में शामिल
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार नन्हें कापर ने कथित तौर पर लूट की पूरी साजिश के बारे में जानकारी दी. उसके अनुसार उसने अपने साथी साहिल, राजा कुमार उर्फ आदित्य और एलएंडटी फाइनेंस कर्मी हरिओम कुमार तिवारी के साथ मिलकर लूट की योजना बनायी थी.
पुलिस के अनुसार हरिओम तिवारी ने फाइनेंस कर्मी की गतिविधियों की जानकारी अन्य आरोपितों को दी थी. इसके बाद नन्हें कापर और राजा कुमार बाइक से मौके पर पहुंचे और हथियार के बल पर नीरज कुमार से लूट की घटना को अंजाम दिया.
पुलिस के अनुसार लूटे गये 89 हजार रुपये आरोपितों ने खाने-पीने में खर्च कर दिये.
यह भी पढ़ें: घास काटने गए 25 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत, परिवार में मचा कोहराम
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए