समस्तीपुर: बैंक से लौट रही महिला से बाइक सवार बदमाशों ने उड़ाए 65 हजार, सीसीटीवी कैमरे में कैद
Published by : Purushottam Kumar Updated At : 09 Jun 2026 1:15 PM
सीसीटीवी फुटेज में नजर आया संदिग्ध
Samastipur News: समस्तीपुर के दलसिंहसराय में पीएनबी बैंक से रुपये निकालकर लौट रही बसढ़िया की प्रतिभा कुमारी से पल्सर सवार दो बदमाशों ने 65 हजार रुपये और कागजात छीने. थानाध्यक्ष मोहम्मद इरशाद आलम सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुटे. जानिए खबर विस्तार से…
समस्तीपुर से कुनाल गुप्ता की रिपोर्ट
Samastipur News: जिला अंतर्गत दलसिंहसराय थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. पंजाब नेशनल बैंक (PNB) से रुपये निकालकर अपने पति के साथ बाइक से घर लौट रही एक महिला से बाइक सवार दो बेखौफ बदमाशों ने 65 हजार रुपये नकद और जरूरी दस्तावेजों से भरा थैला झपट्टा मारकर छीन लिया और फरार हो गए. वारदात के बाद पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने जब बैंक के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज को खंगाला, तो उसमें एक संदिग्ध बदमाश कैद मिला है, जिसकी पहचान पीड़िता ने कर ली है.
पल्सर सवार बदमाशों ने झपटा बैग
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बसढ़िया गांव निवासी बिंदेश्वर कुमार सिंह की पत्नी प्रतिभा कुमारी है. उन्होंने इस लूटपाट के संबंध में स्थानीय थाने में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है. पीड़िता ने बताया कि वह सोमवार को पंजाब नेशनल बैंक की शाखा से 55 हजार रुपये की निकासी कर एक थैले में रखी थीं. उस थैले में पहले से भी 10 हजार रुपये नकद, आधार कार्ड, पैन कार्ड, एसबीआई (SBI) व पीएनबी (PNB) बैंक की पासबुक और एटीएम कार्ड रखे हुए थे.
सामान खरीदने के लिए रुके थे पति
रुपये निकालने के बाद वह अपने पति के साथ टीवीएस (TVS) मोटरसाइकिल पर सवार होकर घर के लिए निकली थीं. इसी बीच, रास्ते में उनके पति अम्बिका इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान के पास कुछ जरूरी सामान खरीदने के लिए रुके. प्रतिभा कुमारी भी बाइक के पास ही खड़ी थीं, तभी अचानक 33 नंबर रेलवे गुमटी की ओर से एक काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार होकर दो शातिर बदमाश आए और पलक झपकते ही महिला के हाथ से रुपयों और दस्तावेजों वाला थैला छीनकर तेज रफ्तार में फरार हो गए.
महिला ने शोर मचाकर बदमाशों को खदेड़ा
दिनदहाड़े हुए इस हादसे के बाद पीड़िता ने तुरंत शोर मचाया और स्थानीय लोगों की मदद से बदमाशों का काफी दूर तक पीछा भी किया, लेकिन पल्सर सवार अपराधी तंग गलियों का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे. घटना के बाद पुलिस ने जब बैंक परिसर और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों से जांच की, तो बैंक के अंदर रेकी कर रहा एक बदमाश फुटेज में साफ दिखाई दे गया.
जांच में जुटी पुलिस
मामले की पुष्टि करते हुए दलसिंहसराय के थानाध्यक्ष मोहम्मद इरशाद आलम ने बताया कि पीड़िता के आवेदन के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. बैंक और घटनास्थल के रूट के सभी सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है. पुलिस अपराधियों के हुलिए और बाइक नंबर के आधार पर उनके संभावित ठिकानों को चिन्हित कर रही है और दावा है कि जल्द ही दोनों लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










