समस्तीपुर: रसोई गैस के लिए लोग जला रहे खून, कड़ी धूप में लाइन से उपभोक्ता परेशान
Published by : Aniket Kumar Updated At : 10 Jun 2026 9:32 AM
रसोई गैस के लिए लाइन में खड़े लोग
Samastipur News: समस्तीपुर की चमथा इंडेन गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं ने पेयजल, शेड और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं के अभाव का आरोप लगाया है. भीषण गर्मी में घंटों कतार में खड़े लोगों ने प्रशासन से तत्काल व्यवस्था सुधारने की मांग की है. पढे़ं पूरी खबर…
Samastipur News: समस्तीपुर में भीषण गर्मी के बीच रसोई गैस लेने पहुंचे उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ती जा रही है. चमथा इंडेन गैस एजेंसी पर रोजाना बड़ी संख्या में लोग सिलेंडर लेने पहुंच रहे हैं, लेकिन वहां बुनियादी सुविधाओं की कमी के कारण उन्हें घंटों धूप में खड़ा रहना पड़ रहा है. खासकर महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चों के साथ आने वाले उपभोक्ताओं को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
धूप में घंटों इंतजार, सुविधाओं का अभाव
उपभोक्ताओं का कहना है कि एजेंसी परिसर में पर्याप्त छाया की व्यवस्था नहीं है. तेज धूप से बचने के लिए कोई शेड नहीं होने के कारण लोगों को खुले आसमान के नीचे लाइन में खड़ा रहना पड़ता है. इसके अलावा बैठने की भी कोई समुचित व्यवस्था नहीं है, जिससे लंबे इंतजार के दौरान परेशानी और बढ़ जाती है.
पेयजल और शौचालय को लेकर भी शिकायत
गैस लेने पहुंचे लोगों ने बताया कि परिसर में स्वच्छ पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है. वहीं शौचालय पर अक्सर ताला लगा रहने से महिलाओं और बुजुर्गों को काफी असुविधा होती है. उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस जैसी जरूरी सेवा के लिए आने वाले लोगों को कम से कम बुनियादी सुविधाएं तो मिलनी ही चाहिए.
प्रशासन से कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से एजेंसी परिसर में छाया, पेयजल, बैठने की व्यवस्था और शौचालय की नियमित सुविधा सुनिश्चित करने की मांग की है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द व्यवस्था नहीं सुधरी तो वे प्रशासनिक स्तर पर शिकायत करने के साथ आंदोलन का रास्ता भी अपना सकते हैं.
एजेंसी संचालक ने क्या कहा?
एजेंसी के प्रोपराइटर गणेश प्रसाद सिंह ने आरोपों को पूरी तरह खारिज नहीं किया. उनका कहना है कि परिसर में छायादार पेड़ मौजूद हैं और पहले शेड भी लगाया गया था, लेकिन कंपनी के निर्देश पर उसे हटाना पड़ा. उन्होंने दावा किया कि परिसर में पेयजल और शौचालय की सुविधा उपलब्ध है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Aniket Kumar
अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










