कर्मभूमि एक्सप्रेस में डरे-सहमे मिले 9 बालक, मजदूरी के लिए पंजाब ले जा रहे 3 लोग गिरफ्तार
समस्तीपुर रेलवे स्टेशन पर मानव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई हुई है। कर्मभूमि एक्सप्रेस से 9 बालकों को सुरक्षित बचाया गया, जिन्हें मजदूरी के लिए पंजाब ले जाया जा रहा था. इस दौरान तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है.
समस्तीपुर: मानव तस्करी एवं बाल मजदूरी के विरुद्ध चलाये जा रहे विशेष अभियान के दौरान समस्तीपुर रेलवे स्टेशन पर संयुक्त कार्रवाई में कुल 9 बालकों को सुरक्षित बरामद किया गया. पुलिस ने बालकों को मजदूरी कराने के उद्देश्य से बाहर ले जा रहे तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया. कार्रवाई के बाद सभी बालकों को आवश्यक संरक्षण और अग्रिम कार्रवाई के लिए संबंधित बाल संरक्षण तंत्र के समक्ष प्रस्तुत किये जाने की प्रक्रिया शुरू की गई.
कर्मभूमि एक्सप्रेस में डरे-सहमे दिखे बालक
रेल डीएसपी मो. अब्दुल बेलाल और डीएसपी विशेष अपराध कुमारी सिया भारती के निरीक्षण के क्रम में समस्तीपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 3 पर करीब 17 बजे गाड़ी संख्या 12407 कर्मभूमि एक्सप्रेस में निगरानी की जा रही थी. इसी दौरान पुलिस टीम की नजर कुछ डरे-सहमे बालकों पर पड़ी.
पूछताछ में बालकों ने बताया कि उन्हें मजदूरी कराने के लिए लुधियाना और जालंधर ले जाया जा रहा है. अभियान के दौरान चार बालकों ने अपने साथ मौजूद एक व्यक्ति की ओर इशारा करते हुए बताया कि वह उन्हें काम कराने के लिए जालंधर ले जा रहा है.
पूछताछ में इन बालकों के सहरसा जिले के रहने वाले होने की जानकारी मिली. उनके साथ मौजूद व्यक्ति ने अपना नाम मंतोष कामत (35) बताया. वह सहरसा जिले के बिहरा थाना क्षेत्र के बारा वार्ड संख्या 5 का निवासी बताया गया है. पूछताछ में उसने बताया कि वह बालकों को मजदूरी और चावल कंपनी में काम कराने के लिए खगड़िया स्टेशन से ट्रेन में बैठाकर जालंधर ले जा रहा था.
दूसरे कोच में भी मिले चार बालक
इसी क्रम में दूसरे सामान्य कोच में चार अन्य बालकों को देखा गया. पूछताछ में उन्होंने बताया कि उन्हें कंपनी में काम कराने के लिए लुधियाना ले जाया जा रहा है. इन बालकों का संबंध गलपोखर थाना क्षेत्र, जिला उत्तर दिनाजपुर, पश्चिम बंगाल से बताया गया.
इन बालकों के साथ मौजूद व्यक्ति ने अपना नाम मो. सहिमुद्दीन (21), निवासी धरमपुर, थाना गलपोखर, जिला उत्तर दिनाजपुर, पश्चिम बंगाल बताया. पूछताछ में उसने बताया कि वह चारों बालकों को किशनगंज स्टेशन से ट्रेन में बैठाकर लुधियाना ले जा रहा था.
रबर प्लांट में काम कराने ले जा रहा था एक व्यक्ति
इसके अतिरिक्त मनिहार थाना क्षेत्र, जिला कटिहार के एक अन्य बालक को भी बरामद किया गया. बालक ने बताया कि उसके साथ मौजूद संतोष परिहार (31) उसे मजदूरी और रबर प्लांट में काम कराने के लिए लुधियाना ले जा रहा था.
पूछताछ में संतोष परिहार ने बताया कि वह बालक को बारसोई स्टेशन से ट्रेन में बैठाकर लुधियाना ले जा रहा था.
संयुक्त टीम ने ट्रेन से उतारकर बालकों को कराया सुरक्षित
सभी बालकों और उनके साथ मिले व्यक्तियों को ट्रेन से उतारकर पुलिस बल के सहयोग से सुरक्षित रेल थाना समस्तीपुर लाया गया. इसके बाद बालकों को आवश्यक संरक्षण एवं अग्रिम कार्रवाई के लिए संबंधित बाल संरक्षण तंत्र के समक्ष प्रस्तुत किये जाने की प्रक्रिया की गई.
यह कार्रवाई थानाध्यक्ष बीरबल कुमार राय, रेल थाना थानाध्यक्ष महेंद्र मुर्मू, रेल थाना समस्तीपुर के नवीन सिंह, सहायक उप निरीक्षक आरपीएफ समस्तीपुर, आरक्षी दीपक कुमार रजक, सीआइबी समस्तीपुर, पुलिस बल तथा प्रयास जुबेनाइल ऐड सेंटर समस्तीपुर के रेस्क्यू प्रभारी सोनेलाल ठाकुर और शिवपूजन कुमार की संयुक्त टीम ने की.
यह भी पढ़ें
समस्तीपुर जंक्शन से सहरसा जा रही सवारी ट्रेन में मिली 2 माह की लावारिस बच्ची, RPF ने किया रेस्क्यू
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए