Samastipur: कुलदीप मार्केट में भीषण आग, मोबाइल दुकान और गिफ्ट गोदाम जलकर राख
आग पर काबू पाने का प्रयास करते लोग। | Prabhat Khabar Network
समस्तीपुर के दलसिंहसराय में कुलदीप मार्केट में लगी भीषण आग ने दो मोबाइल दुकानों और एक गिफ्ट कॉर्नर के गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया. इस घटना में करीब 10 लाख रुपये के सामान के जलकर राख होने का अनुमान है. आग पर काबू पाने के लिए अग्निशमन विभाग को दो घंटे की मशक्कत करनी पड़ी.
समस्तीपुर: दलसिंहसराय नगर परिषद क्षेत्र के कुलदीप मार्केट में गुरुवार की रात अचानक भीषण आग लग गयी. आग की चपेट में आने से स्टार मोबाइल की दो दुकानों और गिफ्ट कॉर्नर के गोदाम में रखा सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया. घटना में करीब 10 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है. आग लगने के बाद मार्केट में अफरातफरी मच गयी और आसपास के लोग अपने स्तर से आग बुझाने में जुट गये.
लकड़ी की दुकानों के कारण तेजी से फैलती रही आग
स्थानीय लोगों के अनुसार, कुलदीप मार्केट की सभी दुकानें लकड़ी से बनी हुई हैं. इस वजह से आग तेजी से फैलने की आशंका बनी हुई थी. आग की लपटें देखकर आसपास के लोग दुकानों और मकानों तक आग पहुंचने की आशंका से चिंतित हो गये.
बताया गया कि मार्केट की कई दुकानें पिछले कई महीनों से बंद थीं. आग लगने वाली दुकानों के आसपास कचरे का ढेर भी जमा था. स्थानीय लोगों ने कचरे के ढेर से आग लगने की आशंका जतायी. वहीं, कुछ लोगों ने बिजली के शॉर्ट-सर्किट को भी संभावित कारण बताया. हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारण की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है. घटना के कारणों की जांच की जा रही है.
बिजली आपूर्ति के कारण आग बुझाने में हुई परेशानी
आग की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गयी. लोग काफी देर तक अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास करते रहे. बताया गया कि बिजली आपूर्ति के कारण बार-बार शॉर्ट-सर्किट होने से आग बुझाने में काफी परेशानी हुई. लकड़ी की दुकानें होने के कारण आग तेजी से फैलती रही, जिससे आसपास के लोगों की चिंता बढ़ गयी.
सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और आग बुझाने के अभियान में जुट गयी. स्थानीय लोगों और अग्निशमन कर्मियों की करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका.
लोन लेकर लाये थे नया मोबाइल सेट, सब जलकर राख
दुकान संचालक मो. नियाज ने बताया कि वह रात करीब 8 बजे दुकान बंद कर चले गये थे. रात करीब 11 बजे आग लगने की जानकारी मिली, जिसके बाद वह मौके पर पहुंचे. वहां पहुंचने पर दुकान का सामान जलकर राख हो चुका था.
मो. नियाज के अनुसार, उन्होंने हाल ही में लोन लेकर दुकान के लिए नया मोबाइल सेट और अन्य सामान मंगाया था. दुकान में रखा करीब 10 लाख रुपये का मोबाइल व अन्य सामान आग में जलकर राख हो गया.
घटना के बाद प्रभावित दुकानदारों में मायूसी का माहौल है. वहीं, दलसिंहसराय पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गयी.
यह भी पढ़ें
चाकू से हमले के बाद चेन्नई में समस्तीपुर के युवक की मौत, परिवार में पसरा मातम
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए