समस्तीपुर: मद्य निषेध सब इंस्पेक्टर परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, DM और SP ने की समीक्षा बैठक, बनाए गए 17 केंद्र

Updated:
विज्ञापन
समस्तीपुर: मद्य निषेध SI परीक्षा के लिए DM-SP की बैठक

समस्तीपुर: मद्य निषेध सब इंस्पेक्टर परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, DM और SP ने की समीक्षा बैठक, बनाए गए 17 केंद्र

बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) द्वारा आयोजित मद्य निषेध सब इंस्पेक्टर प्रारंभिक परीक्षा को लेकर समस्तीपुर में प्रशासन अलर्ट है. जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा की सुरक्षा और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की, जिसमें 17 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए.

विज्ञापन

Sub Inspector exam Bihar: बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) द्वारा आयोजित होने वाली अवर निरीक्षक मद्य निषेध (Sub-Inspector Prohibition) प्रारंभिक परीक्षा को लेकर समस्तीपुर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है. परीक्षा में पुख्ता विधि-व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर जिलाधिकारी (DM) रोशन कुशवाहा एवं पुलिस अधीक्षक (SP) अरविंद प्रताप सिंह ने समाहरणालय सभागार में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की. यह प्रारंभिक लिखित परीक्षा आगामी 12 जुलाई को एक पाली में समस्तीपुर जिला मुख्यालय के 17 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी.

यह भी पढ़ें.. समस्तीपुर में 'परिमार्जन' की सुस्त रफ्तार: 71 हजार से अधिक आवेदनों का हुआ निपटारा, लेकिन 18,700 रैयत अब भी परेशान

कदाचारमुक्त परीक्षा के लिए तैनात होंगे मजिस्ट्रेट और पुलिस बल

समीक्षा बैठक के दौरान परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन सुनिश्चित करने पर गहन विमर्श किया गया. जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने सभी दंडाधिकारियों (मजिस्ट्रेट) एवं संबंधित पदाधिकारियों को आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जाएगी तथा परीक्षा अवधि के दौरान सतत निगरानी रखी जाएगी. परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करने तथा असामाजिक व कदाचार फैलाने वाले तत्वों पर कड़ी नजर रहेगी.

यह भी पढ़ें.. पंखे से लटकी मिली विवाहिता की लाश, रामपुरहरि पुलिस जांच में जुटी

एसपी का निर्देश: परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए रखें कड़ी सुरक्षा

पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों के आसपास पुलिस की नियमित गश्ती सुनिश्चित की जाए. इसके साथ ही सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से किसी भी प्रकार की अफवाह या अवांछित गतिविधि पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया है.

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े प्रखंड और अनुमंडल के अधिकारी

इस समीक्षा बैठक में जिला मुख्यालय स्थित सभी संबंधित पदाधिकारी समाहरणालय सभागार में आमने-सामने उपस्थित रहे, जबकि अनुमंडल, प्रखंड एवं अंचल स्तर के क्षेत्रीय पदाधिकारी अपने-अपने कार्यालयों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े. बैठक में अभ्यर्थियों के सुगम प्रवेश, यातायात प्रबंधन, संचार व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति तथा अन्य आवश्यक बुनियादी व्यवस्थाओं की भी विस्तार से समीक्षा की गयी और सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया गया.


विज्ञापन
Girija Nandan Sharma

लेखक के बारे में

By Girija Nandan Sharma

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन