Samastipur: गंगा के बढ़ते जलस्तर से 10 पंचायतों पर बाढ़ का खतरा, प्रशासन ने शुरू की तैयारी

Updated:
विज्ञापन

बैठक में शामिल सदस्य | Prabhat Khabar Network

गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण मोहिउद्दीननगर प्रखंड की 10 पंचायतों में बाढ़ की आशंका है. संभावित बाढ़ से निपटने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है. प्रभावित क्षेत्रों में नाव, पशु चारा और प्लास्टिक शीट की व्यवस्था पर जोर दिया जा रहा है.

विज्ञापन

Mohiuddinagar News: मोहिउद्दीननगर प्रखंड में गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर के मद्देनजर संभावित बाढ़ से निपटने की तैयारियां शुरू कर दी गयी हैं. सोमवार को पंचायत समिति भवन के सभागार में प्रखंड अनुश्रवण समिति की बैठक हुई. बैठक की अध्यक्षता उप प्रमुख बबीता देवी ने की, जबकि संचालन सीओ विवेक कुमार सिंह ने किया. बैठक में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों के लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता और प्रशासनिक तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गयी.

आपके शहर में

विज्ञापन

10 पंचायतों में बाढ़ की आशंका

बैठक में सदस्यों ने कहा कि गंगा नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि होने के कारण प्रखंड की करीब 10 पंचायतों में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने की आशंका है. ऐसे में प्रशासन को बाढ़ आने से पहले ही सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर लेनी चाहिए.

जनप्रतिनिधियों ने संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों को चिह्नित कर वहां तत्काल नावों के परिचालन की व्यवस्था करने की मांग की. इसके अलावा जरूरतमंद परिवारों के बीच समय पर प्लास्टिक शीट और पशु चारा उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया.

नाव, पशु चारा और प्लास्टिक शीट की व्यवस्था पर जोर

बैठक में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में नावों की उपलब्धता और परिचालन, पशु चारा की समुचित व्यवस्था तथा राहत राशि से संबंधित जानकारी संपूर्ति पोर्टल पर उपलब्ध कराने जैसे मुद्दे उठाये गये.

सदस्यों ने कहा कि बाढ़ के कारण विस्थापित होने वाले परिवारों के लिए पर्याप्त संख्या में प्लास्टिक शीट पहले से उपलब्ध रहनी चाहिए. आपदा की स्थिति में लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के साथ भोजन, पशु चारा और अन्य जरूरी सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराना जरूरी है.

बाढ़ के बाद संक्रमण रोकने की भी तैयारी

बैठक में बाढ़ का पानी कम होने के बाद प्रभावित इलाकों में संक्रमण की रोकथाम के लिए पर्याप्त मात्रा में ब्लीचिंग पाउडर और हैलोजन टैबलेट उपलब्ध रखने की मांग की गयी.

सदस्यों ने कहा कि बाढ़ के बाद जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है. ऐसे में प्रभावित क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई, दवा का छिड़काव और स्वास्थ्य संबंधी निगरानी सुनिश्चित की जानी चाहिए.

प्रशासन ने तैयारी पूरी रखने का दिया भरोसा

सीओ विवेक कुमार सिंह ने जनप्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में जल्द ही नावों के परिचालन की व्यवस्था की जायेगी.

सीओ ने कहा कि सरकार के निर्देश के अनुसार जरूरतमंद परिवारों के बीच पशु चारा और विस्थापित लोगों को प्लास्टिक शीट का वितरण भी सुनिश्चित किया जायेगा. आपदा की चुनौती को कम करने के लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को मिलकर काम करना होगा.

बैठक में बीडीओ नवकंज कुमार, सृष्टि सागर, अभिषेक कुमार, दिलीप रजक, हरिश्चंद्र कुमार मुखिया, सुरेंद्र राय, अनिल पासवान, रेखा देवी, विपिन शर्मा, वकील पासवान, अमरनाथ राय, मनोज तिवारी, जदयू प्रखंड अध्यक्ष अमित कुमार गुल्लू, लोजपा प्रखंड अध्यक्ष सुरेंद्र पासवान, माकपा नेता मनोज प्रसाद सुनील समेत अन्य सदस्य मौजूद थे.

यह भी पढ़ें

Samastipur News: हरियाणा में युवक की मौत के मामले में नया मोड़, पत्नी पर हत्या की साजिश का आरोप


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन