किताबों से निकलकर मंच पर उतरेंगी जीवन की चुनौतियां, कक्षा 9 के छात्र करेंगे रोल प्ले
मंच पर नाटक की प्रस्तुति करते स्कूली छात्र
राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (NCERT) द्वारा आयोजित 'राष्ट्रीय भूमिका निर्वहन प्रतियोगिता 2026-27' में कक्षा 9 के छात्र अब मंच पर किताबी ज्ञान से परे जीवन की वास्तविक चुनौतियों का अभिनय करेंगे. यह प्रतियोगिता विद्यार्थियों को व्यावहारिक जीवन कौशल सिखाने पर केंद्रित है.
समस्तीपुर न्यूज: स्कूली किताबों में पढ़ी जाने वाली बातें अब कक्षा नौ के छात्र-छात्राओं के अभिनय के जरिये मंच पर जीवंत होंगी. राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (NCERT) की ओर से ‘राष्ट्रीय भूमिका निर्वहन प्रतियोगिता 2026-27’ आयोजित की जा रही है. इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ वास्तविक जीवन की कठिन परिस्थितियों से निपटने, सही निर्णय लेने और जरूरी जीवन कौशल सीखने का अवसर देना है.
किशोरों की समस्याओं पर आधारित होंगे नाटक
प्रतियोगिता में किशोरों के सामने आने वाली रोजमर्रा की चुनौतियों को नाटकों का विषय बनाया जाएगा. परीक्षा और मंच के डर, साथियों के दबाव में नशे से बचाव, साइबर सुरक्षा, इंटरनेट पर लोकेशन शेयर करने के खतरे, बुलिंग, लैंगिक हिंसा और पोषण जैसे मुद्दों पर विद्यार्थी अभिनय करेंगे.
मंचन के माध्यम से छात्रों को तनाव से सकारात्मक तरीके से निपटने, आत्मविश्वास बढ़ाने और परेशानी की स्थिति में भरोसेमंद वयस्कों से मदद लेने का संदेश दिया जाएगा.
चार से पांच विद्यार्थियों की होगी टीम
प्रतियोगिता में सरकारी, सहायता प्राप्त स्कूलों और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के कक्षा नौ के विद्यार्थी हिस्सा ले सकेंगे. प्रत्येक टीम में चार से पांच छात्र होंगे. समावेशी शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए हर टीम में कम से कम एक विशेष आवश्यकता वाले दिव्यांग विद्यार्थी को शामिल करने का प्रयास किया जाएगा.
हर टीम को मंचन के लिए पांच से छह मिनट का समय मिलेगा. राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुति हिंदी या अंग्रेजी में की जाएगी.
छात्र खुद लिखेंगे पटकथा
इस प्रतियोगिता की खास बात यह है कि नाटक की पटकथा विद्यार्थी स्वयं तैयार करेंगे. शिक्षक केवल उन्हें मार्गदर्शन देंगे. मंचन के दौरान किसी भी तरह की वेशभूषा, प्रॉप्स, बैनर या पोस्टर का इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा. इससे विद्यार्थियों की रचनात्मकता और अभिनय क्षमता को प्राथमिकता मिलेगी.
अगस्त से शुरू होगी प्रतियोगिता
प्रतियोगिता की प्रक्रिया अगस्त से शुरू होकर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचेगी. स्कूल स्तर की प्रतियोगिता अगस्त से सितंबर के बीच होगी. इसके बाद सितंबर से अक्टूबर के दौरान ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी.
राज्य स्तर पर विजेता टीम की रिपोर्ट 31 अक्टूबर तक NCERT को भेजी जाएगी. इसके बाद राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता दिसंबर 2026 या जनवरी 2027 में आयोजित होने की संभावना है. पूरी प्रक्रिया डिजिटल और पारदर्शी तरीके से ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से संचालित की जाएगी.
यह भी पढे़ं: किसानों के लिए जरूरी एडवाइजरी, धान-मक्का की फसल में अभी करें ये काम
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










