समस्तीपुर: खुदनेश्वर धाम में हाई मास्ट लाइट का काम रुका, जानिए क्यों लिया गया फैसला

Updated:
विज्ञापन

मोरवा स्थित खुदनेश्वर महादेव मंदिर

समस्तीपुर जिले के प्रसिद्ध खुदनेश्वर धाम में हाई मास्ट लाइट लगाने का कार्य फिलहाल जमीन विवाद के चलते रोक दिया गया है. न्यायालय में लंबित मामले के कारण प्रशासन ने यह निर्णय लिया है. स्थानीय लोगों को सुविधा मिलने की उम्मीदों पर फिलहाल पानी फिर गया है.

विज्ञापन

Khudneshwar Dham: समस्तीपुर जिले के मोरवा प्रखंड के ऐतिहासिक खुदनेश्वर धाम मंदिर परिसर में प्रस्तावित हाई मास्ट लाइट लगाने के काम पर फिलहाल रोक लगा दी गयी है. जमीन विवाद को लेकर मामला न्यायालय में लंबित होने के कारण प्रशासन ने यह कदम उठाया है. मामले की जानकारी मिलने के बाद अंचल अधिकारी आलोक रंजन और ताजपुर थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने स्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया.

जमीन विवाद के कारण रुका काम

विवादित जमीन का जायजा लेते सीओ और थाना अध्यक्ष | Prabhat Khabar Network

बताया जाता है कि जिस जमीन पर हाई मास्ट लाइट लगाने का काम होना था, उसे लेकर एक पक्ष की ओर से शिकायत दर्ज करायी गयी थी. शिकायत के बाद प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली. न्यायालय में जमीन विवाद से संबंधित मामला लंबित होने के कारण फिलहाल निर्माण कार्य रोक दिया गया है.

प्रशासन का कहना है कि मामले की सुनवाई और जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी. अंचल अधिकारी आलोक रंजन ने बताया कि पूरे मामले की पड़ताल की जा रही है और जांच के बाद उचित निर्णय लिया जाएगा.

हाई मास्ट लाइट लगने से मिलती बड़ी सुविधा

खुदनेश्वर धाम में हाई मास्ट लाइट लगाए जाने की खबर से स्थानीय लोगों में काफी उत्साह था. लोगों का कहना है कि लाइट लगने के बाद मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र रात में रोशनी से जगमगा उठता. इससे मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को भी काफी सुविधा मिलती.

खासकर पर्व और विशेष पूजा के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ जाती है. ऐसे में पर्याप्त रोशनी रहने से लोगों को आने-जाने में सहूलियत होती और सुरक्षा व्यवस्था भी बेहतर होती.

अब प्रशासनिक जांच पर टिकी नजर

हाई मास्ट लाइट का काम रुकने के बाद स्थानीय लोगों की नजर अब प्रशासनिक जांच और न्यायालय में चल रहे मामले के समाधान पर है. लोगों को उम्मीद है कि जमीन विवाद का रास्ता साफ होने के बाद मंदिर परिसर में लाइट लगाने का काम फिर शुरू हो सकेगा.

मंदिर प्रबंधन कमेटी के अध्यक्ष इंद्रदेव शर्मा ने कहा कि हाई मास्ट लाइट लगने से पूरे क्षेत्र के लोगों को काफी फायदा होगा. प्रशासन की ओर से जो निर्णय लिया जाएगा, उसी के अनुसार लाइट स्थापित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ायी जाएगी.

यह भी पढे़ं: ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे को लेकर बवाल, KSR कॉलेज बचाने के लिए करीब 70KM की पदयात्रा


विज्ञापन
Manoj Kumar Verma

लेखक के बारे में

By Manoj Kumar Verma

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन