एनएच-28 पर अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराया ट्रक, बिस्किट के डिब्बे लूटने की ग्रामीणों में मची होड़
दुर्घटनाग्रस्त ट्रक | Prabhat Khabar Network
एनएच-28 पर एक बिस्किट लदे ट्रक के अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने के बाद ग्रामीण बिस्किट लूटने के लिए दौड़ पड़े। पुलिस की मौजूदगी के बावजूद लूटपाट जारी रही, जिससे स्थिति को नियंत्रित करने में पुलिस को भारी मशक्कत करनी पड़ी।
Samastipur Truck Accident: समस्तीपुर जिले के मुसरीघरारी थाना क्षेत्र अंतर्गत उच्च विद्यालय रुपौली के समीप एनएच-28 पर बुधवार की सुबह एक अनियंत्रित बिस्किट लदा ट्रक सड़क किनारे पेड़ से टकरा गया. हादसे के तुरंत बाद चालक ट्रक को घटनास्थल पर ही छोड़कर पूरब दिशा में सातनपुर की ओर फरार हो गया. चालक को इस तरह अचानक भागते देख स्थानीय लोगों को ट्रक में अवैध शराब होने का संदेह हुआ. इसके बाद कुछ लोग स्थिति की जांच करने के लिए ट्रक के करीब पहुंचे.
Samastipur News: बिस्किट के कार्टन देख बिस्किट लूटने लगे लोग
जब लोगों ने ट्रक की जांच की, तो उसमें शराब की जगह बड़ी संख्या में ‘धूम’ कंपनी के बिस्किट के कार्टन मिले. इसके बाद देखते ही देखते कुछ असामाजिक तत्वों और स्थानीय लोगों ने ट्रक से बिस्किट के कार्टन निकालकर ले जाना शुरू कर दिया. कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और बिस्किट के डिब्बे लूटने की होड़ मच गई.
पुलिस की मौजूदगी में भी जारी रही लूटपाट
घटना की सूचना मिलने पर मुसरीघरारी थाने की एएसआई गीता कुमारी पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं. हालांकि, पुलिस की मौजूदगी के बावजूद कुछ लोगों द्वारा बिस्किट के कार्टन ले जाने की होड़ जारी रही. पुलिस को स्थिति संभालने और भीड़ को नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी.
चालक की तलाश और ट्रक के दस्तावेजों की जांच जारी
मामले की पुष्टि करते हुए थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रक से बिस्किट के कार्टन लूटे जाने की घटना सत्य है. ट्रक पर कुल कितने कार्टन लदे थे और उनमें से कितने ले जाए गए हैं, इसकी तत्काल गिनती नहीं हो सकी है. पुलिस ट्रक के निबंधन नंबर और दस्तावेजों के आधार पर उसके स्रोत व गंतव्य की जानकारी जुटा रही है. साथ ही फरार चालक की तलाश की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










