समस्तीपुर: BRB कॉलेज में मूलभूत सुविधाओं की मांग, आइसा ने दी आंदोलन की चेतावनी
विरोध जताते आईसा से जुड़े छात्र | Prabhat Khabar Network
समस्तीपुर के BRB कॉलेज में छात्र सुविधाओं की कमी को लेकर आइसा ने छात्र सभा आयोजित की. नियमित कक्षाएं, पुस्तकालय और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर कॉलेज प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जाएगा.
समस्तीपुर न्यूज: शहर के मोहनपुर रोड स्थित बीआरबी कॉलेज परिसर में आइसा की जिला इकाई की ओर से छात्र सभा आयोजित की गयी. इसमें छात्रों की मूलभूत सुविधाओं, नियमित कक्षा संचालन और कॉलेज की शैक्षणिक व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई. सभा में निर्णय लिया गया कि मांगों को लेकर प्रभारी प्रधानाचार्य को ज्ञापन सौंपा जायेगा. मांगों पर पहल नहीं होने पर आंदोलन किया जायेगा.
नियमित कक्षा नहीं होने का आरोप
आइसा जिलाध्यक्ष लोकेश राज ने आरोप लगाया कि नई शिक्षा नीति लागू होने के बाद कॉलेज में नियमित कक्षाओं के बजाय मुख्य रूप से परीक्षाओं पर जोर दिया जा रहा है. इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है. उन्होंने नियमित रूप से वर्ग संचालन सुनिश्चित करने की मांग की.
पुस्तकालय और प्रयोगशाला की व्यवस्था सुधारने की मांग
छात्र नेताओं ने कहा कि कॉलेज के पुस्तकालय से विद्यार्थियों को पुस्तकें निर्गत नहीं की जा रही हैं. वहीं प्रयोगशाला की स्थिति भी ठीक नहीं है. उनका कहना था कि उच्च शिक्षा के लिए विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराना जरूरी है.
आइसा नेताओं ने पुस्तकालय और प्रयोगशाला को दुरुस्त करने के साथ सभी विषयों में पीजी की पढ़ाई शुरू करने की मांग रखी. साथ ही बीआरबी कॉलेज को मॉडल कॉलेज का दर्जा देने की भी मांग की गयी.
पेयजल और बुनियादी सुविधाओं का मुद्दा उठा
जिला उपाध्यक्ष दीपक यदुवंशी ने कहा कि कॉलेज में पेयजल की समस्या छात्रों के साथ शिक्षकों को भी झेलनी पड़ रही है. इसके अलावा बिजली, पंखे, बाथरूम और साफ-सफाई जैसी बुनियादी सुविधाओं की स्थिति में सुधार की जरूरत है.
छात्र नेताओं ने गर्ल्स और बॉय रूम को व्यवस्थित करने, परिसर में शेड लगाने और महिला परीक्षार्थियों के लिए फीडिंग रूम बनाने की मांग भी की.
मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन
सभा में नेताओं ने कहा कि विद्यार्थियों से जुड़ी इन समस्याओं का जल्द समाधान होना चाहिए. मांग पत्र सौंपने के बाद भी यदि कॉलेज प्रशासन की ओर से आवश्यक पहल नहीं की गयी, तो आइसा आंदोलन शुरू करेगा.
सभा की अध्यक्षता अनमोल कुमार ने की, जबकि संचालन नवीन कुमार ने किया. मौके पर सौरव सतनाम, निशात, परवीन, स्मिता कुमारी, नेहा, शंकर कुमार समेत दर्जनों छात्र मौजूद थे.
यह भी पढ़ें: अब डॉक्टरों के चैंबर में मोबाइल-टैबलेट नहीं ले जा सकेंगे MR, जानिए क्यों लिया गया ये फैसला
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










