10 अगस्त को जेल भरो आंदोलन की तैयारी तेज, किसान संगठनों की संयुक्त बैठक

समस्तीपुर में किसान और मजदूर संगठनों ने 10 अगस्त को राष्ट्रव्यापी जेल भरो अभियान की तैयारी तेज कर दी है। एमएसपी, मनरेगा, लेबर कोड जैसे मुद्दों पर आंदोलन को सफल बनाने की रणनीति बनी।
Samastipur News: बिहार राज्य किसान सभा, बिहार प्रांतीय खेतिहर मजदूर यूनियन और सीटू समस्तीपुर की संयुक्त जिला स्तरीय बैठक सोमवार को जिला कार्यालय में रघुनाथ राय की अध्यक्षता में आयोजित हुई. बैठक में विभिन्न किसान और मजदूर संगठनों ने 10 अगस्त को प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी जेल भरो अभियान को सफल बनाने के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की.
बैठक में सभी फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर कानूनी गारंटी, मनरेगा को प्रभावी रूप से लागू करने, चारों लेबर कोड कानून वापस लेने, ठेका मजदूरों को 26 हजार रुपये मासिक वेतन देने तथा बिजली एवं बीज विधेयक वापस लेने समेत कई मांगों को लेकर आंदोलन चलाने का निर्णय लिया गया.
अंचल स्तर पर होंगी बैठकें, 25 जुलाई को जिला सम्मेलन
बैठक में निर्णय लिया गया कि 20 जुलाई तक सभी अंचलों में संयुक्त बैठकें आयोजित की जाएंगी. इसके बाद 25 जुलाई को शहीद उदय शंकर भवन स्थित जिला कार्यालय में जिला स्तरीय संयुक्त कन्वेंशन आयोजित होगा, जिसमें आंदोलन की आगे की रूपरेखा तय की जाएगी.
बैठक में खेतिहर मजदूर यूनियन के राज्य सचिव रामाश्रय महतो, किसान सभा के जिला मंत्री सत्यनारायण सिंह, जिलाध्यक्ष रामसागर पासवान, उपाध्यक्ष उपेंद्र राय, संयुक्त सचिव विधानचंद्र, उमेश कवि सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










