समस्तीपुर में घुड़साल पर फायरिंग, घोड़ा ले जाने के विवाद में पांच पर प्राथमिकी

Updated:
विज्ञापन
घुड़साल में हुई फायरिंग मामले में दो नामजद समेत पांच पर प्राथमिकी दर्ज

सांकेतिक तस्वीर

समस्तीपुर के विशनपुर टारा में घुड़साल में हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने दो नामजद समेत पांच लोगों पर केस दर्ज कर छापेमारी शुरू कर दी है.

विज्ञापन

Samastipur News: मुफस्सिल थाना क्षेत्र के विशनपुर टारा वार्ड संख्या-1 स्थित घुड़साल में हुई हवाई फायरिंग के मामले में पुलिस ने दो नामजद समेत पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. घुड़साल संचालक अमर राय के आवेदन पर जितवारपुर फरपुरा निवासी रंजन कुमार राय, राजू कुमार राय और तीन अज्ञात लोगों को आरोपित बनाया गया है. पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.

घोड़ा ले जाने को लेकर हुआ विवाद

दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, 27 जुलाई को दोपहर करीब साढ़े 12 बजे अमर राय अपने विशनपुर टारा स्थित घुड़साल पहुंचे. वहां उन्होंने देखा कि आरोपित बग्घी का घोड़ा खोलकर ले जा रहे थे. इसी दौरान उनके रिश्तेदार दोरिक राय भी घुड़साल पहुंचे. दोनों ने बिना अनुमति घोड़ा ले जाने का कारण पूछा और इसका विरोध किया.

रुपये के लेन-देन को लेकर बढ़ा विवाद

आरोप है कि विरोध करने पर आरोपितों ने अमर राय के पुत्र लालू से रुपये उधार लेने की बात कही. उन्होंने कहा कि रुपये वापस मिलने तक घोड़ा नहीं लौटाया जाएगा. इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और माहौल तनावपूर्ण हो गया.

पिस्टल निकालकर की फायरिंग

प्राथमिकी के अनुसार, विवाद के दौरान राजू कुमार राय ने कमर से पिस्टल निकालकर जान मारने की नीयत से फायरिंग कर दी. हालांकि गोली किसी को नहीं लगी और अमर राय बाल-बाल बच गए. फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े.

कई राउंड हवाई फायरिंग कर बाइक से फरार

लोगों को जुटता देख सभी आरोपित कई राउंड हवाई फायरिंग करते हुए बाइक से फरार हो गए. आरोपितों ने पीड़ित पक्ष को जान से मारने की धमकी भी दी. घटना के बाद इलाके में कुछ देर तक दहशत का माहौल बना रहा.

पुलिस हर एंगल से कर रही जांच

मुफस्सिल थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद ने बताया कि पीड़ित के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, घटना के पीछे स्मैक और ब्राउन शुगर के कथित अवैध कारोबार में लेन-देन का विवाद भी चर्चा में है. हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा.

यह भी पढ़ें: अंडा खरीदकर लौट रहे युवक पर किया था चाकू से हमला, अब मिली तीन साल की सजा


विज्ञापन
Ankur Kumar

लेखक के बारे में

By Ankur Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन