इकलौते बेटे की मौत से बुझा घर का चिराग, रक्षाबंधन से पहले परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक के घर जुटी भीड़ | Prabhat Khabar Network
चोचाही भरपुरा गांव में एक सड़क हादसे ने देव नारायण सिंह के इकलौते बेटे कुणाल कुमार की जान ले ली. मां और चार बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है, खासकर रक्षाबंधन से पहले भाई को खोने का गम.
Samastipur Road Accident: थाना क्षेत्र के चोचाही भरपुरा गांव में सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं. गांव निवासी देव नारायण सिंह के 22 वर्षीय इकलौते पुत्र कुणाल कुमार की सड़क दुर्घटना में मौत हो गयी. हादसे की खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया और मृतक के घर पर लोगों की भीड़ जुट गयी.
कुणाल पिछले कुछ वर्षों से सिंघियाघाट स्थित एक होम्योपैथिक क्लीनिक में सहायक के रूप में काम करता था. शनिवार की रात रोज की तरह काम खत्म करने के बाद वह घर लौट रहा था. इसी दौरान रास्ते में सड़क हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया. बाद में उसकी मौत हो गयी.
मां बार-बार हो रही बेहोश, बहनों का रो-रोकर बुरा हाल
कुणाल की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. मां मीना देवी अपने इकलौते बेटे को खोने के गम में बार-बार बेहोश हो जा रही हैं. वहीं चार बहनों रूना, रूबी, रेणु और गीता का भी रो-रोकर बुरा हाल है.
परिवार के लिए सबसे बड़ा दुख यह है कि रक्षाबंधन से पहले ही बहनों ने अपना इकलौता भाई खो दिया. बहनों को इस बात का मलाल है कि अब वे आने वाले रक्षाबंधन पर किसकी कलाई पर राखी बांधेंगी.
गांव में पसरा मातम, परिजनों को ढांढस बंधाने पहुंचे लोग
उप मुखिया राजबाली राय ने बताया कि घटना से पूरा गांव स्तब्ध है. कुणाल की मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है. घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतक के घर पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया.
मृतक के घर जुटी भीड़ और विलाप करती महिलाओं का दृश्य बेहद मार्मिक रहा. परिजनों के करुण क्रंदन से पूरा माहौल गमगीन हो गया.
यह भी पढ़ें: तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से डॉक्टर और लैब टेक्नीशियन की मौत
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










