छाती पीटती रह गयी मां, बीमार बेटे ने लगा दी नदी में छलांग, आंखों के सामने डूब गया कलेजे का टुकड़ा

समस्तीपुर : शहर की गंडक कॉलोनी के पास बूढ़ी गंडक नदी पर बने रेल पुल पर उससमय अजीबोगरीब स्थिति उत्पन्न हो गयी, जब एक मां के सामने ही उसके जवान बेटे ने नदी में छलांग लगा दी. मां कलेजा पीटती रह गयी़ उस मां के कलेजे का टुकड़ा उसके नजरों के सामने नदी में डूबता […]
समस्तीपुर : शहर की गंडक कॉलोनी के पास बूढ़ी गंडक नदी पर बने रेल पुल पर उससमय अजीबोगरीब स्थिति उत्पन्न हो गयी, जब एक मां के सामने ही उसके जवान बेटे ने नदी में छलांग लगा दी. मां कलेजा पीटती रह गयी़ उस मां के कलेजे का टुकड़ा उसके नजरों के सामने नदी में डूबता गया. वह चाह कर भी कुछ नहीं कर पायी़ घटना मंगलवार की दोपहर की है़ घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय युवकों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन गहराई में चले जाने के कारण न तो उसे बचाया जा सका और न ही उसका पता चला. पानी में डूबने वाला युवक शहर के न्यू कॉलोनी निवासी अशोक राम का पुत्र पंकज राम (19) बताया गया है़
घटना की सूचना पर पहुंची नगर थाने की पुलिस शव खोजवाने के प्रयास में लगी रही. परिजनों का बताना था कि पंकज कुछ दिनों से दिमागी रूप से बीमार चल रहा था़ मंगलवार की दोपहर उसकी मां राधा देवी उसे मनीपुर भगवती स्थान झाड़-फूंक के लिए लेकर गयी थी़ इसके बाद एक रिक्शा पर बैठकर बूढ़ी गंडक बांध होते हुए दोनों घर जा रहे थे़ रेलवे गुमटी के समीप पहुंचने के बाद अचानक युवक ने रिक्शा से उतर कर रेलवे पुल की ओर दौड़ लगा दी़ मां कुछ समझ नहीं पायी, लेकिन वह उसे बार-बार रुकने की बात कह कर पीछे-पीछे दौड़ी. रेलवे पुल के बीच में पहुंचने के बाद अचानक युवक ने नदी में छलांग लगा दी़ छलांग लगाने के बाद वह एक बार पानी के ऊपर दिखा, उसके बाद वह डूब गया़ मां के शोर मचाने पर नदी किनारे खड़े स्थानीय युवकों ने नदी में छलांग लगा कर उसे खोजने का प्रयास किया, लेकिन गहराई अधिक रहने के कारण वह नहीं मिला.
घटना के बाद उसकी मां राधा देवी एवं पिता अशोक राम का रो-रो कर बुरा हाल था़ दोनों बार-बार नदी में कूदने का प्रयास कर रहे थे़ स्थानीय लोगों ने किसी तरह दोनों को नदी किनारे से दूर हटाया़ समाचार लिखे जाने तक पुलिस युवक की तलाश में जुटी हुई थी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




