मिड-डे मील के चावल में निकला कीड़ा, हंगामा

Published by : Dipankar Shriwastaw Updated At : 27 May 2026 5:20 PM

विज्ञापन

प्रखंड क्षेत्र के तरियामा मध्य विद्यालय में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गयी, जब मध्याह्न भोजन के दौरान बच्चों की थाली में परोसे गए चावल में कीड़ा निकलने लगा.

विज्ञापन

तरियामा मवि में बच्चों ने किया हंगामा

बीडीओ सह प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने दिया जांच व कार्रवाई का आश्वासन

सिमरी बख्तियारपुर. प्रखंड क्षेत्र के तरियामा मध्य विद्यालय में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गयी, जब मध्याह्न भोजन के दौरान बच्चों की थाली में परोसे गए चावल में कीड़ा निकलने लगा. भोजन में गड़बड़ी देखकर स्कूली बच्चों ने हंगामा शुरू कर दिया. देखते ही देखते विद्यालय परिसर में काफी संख्या में ग्रामीण भी पहुंच गये और मामले को लेकर नाराजगी जताने लगे. मिली जानकारी के अनुसार मध्याह्न भोजन परोसे जाने के दौरान कुछ बच्चों ने अपनी थाली में चावल के बीच कीड़ा देखा. इसके बाद अन्य बच्चों ने भी अपनी-अपनी थाली की जांच की तो कई थालियों में कीड़े पाये गये. यह देखते ही बच्चों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने भोजन करने से इंकार करते हुए विद्यालय परिसर में हंगामा शुरू कर दिया.

बच्चों ने प्रधानाध्यापक पर लगाया अनदेखी का आरोप

छात्रा मुस्कान कुमारी, मधु कुमारी, शिवानी कुमारी, कोमल कुमारी, पिंकी कुमारी, नूतन कुमारी, रिंकी कुमारी एवं सोनाली कुमारी ने आरोप लगाया कि जब इस मामले की जानकारी विद्यालय के प्रधानाध्यापक अमरेंद्र पासवान को दी गयी तो उन्होंने कहा कि उस चावल को फेंक दो और दूसरा चावल ले लो. बच्चों का कहना था कि भोजन की गुणवत्ता को लेकर विद्यालय प्रबंधन गंभीर नहीं है.

पदाधिकारी को बुलाने की मांग पर अड़े रहे बच्चे

घटना की जानकारी मिलने पर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि राकेश रौशन विद्यालय पहुंचे. उन्होंने आक्रोशित बच्चों एवं ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन बच्चे मामले में पदाधिकारी को बुलाने की मांग पर अड़े रहे. इसके बाद मामले की सूचना प्रखंड विकास पदाधिकारी सह प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी जयकिशन को दी गयी. सूचना मिलते ही बीडीओ सह प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी जयकिशन विद्यालय पहुंचे और बच्चों व ग्रामीणों की शिकायत सुनी. उन्होंने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया. पदाधिकारी के आश्वासन के बाद बच्चों एवं ग्रामीणों का आक्रोश शांत हुआ. विद्यालय में हुई इस घटना को लेकर अभिभावकों में भी नाराजगी देखी गयी. ग्रामीणों ने विद्यालय में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराने की मांग की. वहीं इस मामले में बीडीओ सह प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी जयकिशन ने बताया कि मैं जब विद्यालय पहुंचा तो चावल में कीड़ा दिखायी दिया. मामले की जांच की जा रही है. जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जायेगी.

विज्ञापन
Dipankar Shriwastaw

लेखक के बारे में

By Dipankar Shriwastaw

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन