सलखुआ में शान से फहराया तिरंगा, प्रमुख सरिता संगम से लेकर पंचायतों तक गूंजा देशभक्ति का जयघोष

Updated:
विज्ञापन

फोटो - राष्ट्रीय ध्वज फहराते प्रमुख सरिता संगम, बीडीओ वीरेंद्र कुमार व अन्य

सलखुआ में 80वें स्वतंत्रता दिवस को लेकर विशेष उत्साह देखा गया, जहां 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत जगह-जगह राष्ट्रीय ध्वज फहराए गए. प्रखंड प्रमुख, अधिकारियों और नागरिकों की उपस्थिति में देशभक्ति के नारों के साथ देशप्रेम का प्रदर्शन हुआ.

विज्ञापन

सलखुआ (सहरसा). देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सलखुआ प्रखंड में शनिवार को जगह-जगह राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया. प्रखंड परिसर में आयोजित मुख्य समारोह से लेकर बीआरसी, थाना, स्वास्थ्य केंद्र, पंचायत भवन और विभिन्न सरकारी संस्थानों में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए. ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के कारण लोगों में स्वतंत्रता दिवस को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला.

प्रखंड परिसर में प्रमुख ने किया ध्वजारोहण

प्रखंड परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में प्रखंड प्रमुख सरिता संगम ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया. इस दौरान बीडीओ वीरेंद्र कुमार, सीओ रवि कुमार, उप प्रमुख बाबूलाल यादव सहित दर्जनों अधिकारी, जनप्रतिनिधि और प्रबुद्ध नागरिक मौजूद रहे. तिरंगा फहराते ही राष्ट्रगान की धुन गूंज उठी और शस्त्र गार्ड ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी.

प्रमुख सरिता संगम ने प्रखंडवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए अमर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया. उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों और महापुरुषों के विचारों एवं आदर्शों को जीवन में उतारना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है. उनके संघर्ष और त्याग से प्रेरणा लेकर राष्ट्रहित में कार्य करना सभी का दायित्व है.

बीआरसी में बीईओ ने दिया एकता और सद्भाव का संदेश

बीआरसी परिसर में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी और बीडीओ वीरेंद्र कुमार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया. संबोधन में उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता की विरासत को मजबूत बनाए रखने के लिए समाज में द्वेष का कोई स्थान नहीं होना चाहिए.

उन्होंने कहा कि देशवासियों को एक-दूसरे के धर्म, मजहब, पंथ, जाति, वर्ग, रूप-रंग और भाषा का सम्मान करना चाहिए. देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने की जिम्मेदारी प्रत्येक नागरिक की है.

थाना परिसर में थानाध्यक्ष ने फहराया तिरंगा

सलखुआ थाना परिसर में थानाध्यक्ष जितेंद्र ठाकुर ने ध्वजारोहण किया. उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, त्याग और शहादत को नमन करते हुए कहा कि आजादी का पर्व हमें महापुरुषों के सिद्धांतों और आदर्शों को याद करने का अवसर देता है. उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों के बताए मार्ग पर चलने को प्रत्येक नागरिक का दायित्व बताया.

फोटो - सलखुआ,सहरसा - प्रखंड मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर राष्ट्रीय ध्वज फहराते प्रमुख सरिता संगम वीडियो वीरेंद्र कुमार को रवि कुमार थाना अध्यक्ष जितेंद्र ठाकुर सहित अन्य | Prabhat Khabar Network
फोटो - प्रखंड मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर राष्ट्रीय ध्वज फहराते हुए

पंचायतों और सरकारी संस्थानों में भी लहराया तिरंगा

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. धीरज कुमार, किसान भवन में बीएओ अभिजीत कुमार, मनरेगा कार्यालय में कार्यक्रम पदाधिकारी मो. शम्सुद्दीन जुहा, पंचायत भवन में मुखिया रणवीर यादव, ग्राम कचहरी में सरपंच सूर्यनारायण यादव, गैस एजेंसी परिसर में राजेंद्र यादव तथा पैक्स गोदाम में अध्यक्ष रतिलाल यादव ने ध्वजारोहण किया.

कोपरिया पंचायत में मुखिया अमृता कुमारी और सितुआहा में मुखिया प्रतिनिधि आलोक राज सहित विभिन्न पंचायतों में जनप्रतिनिधियों ने तिरंगा फहराया. प्रखंड क्षेत्र के सभी विद्यालयों में प्रधानाध्यापकों और शिक्षकों ने ध्वजारोहण कर विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व और स्वतंत्रता संग्राम की गाथा से अवगत कराया.

महादलित टोला में भी पहुंचा आजादी का जश्न

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने महान दलित टोला पहुंचकर भी राष्ट्रीय ध्वज फहराया. इस पहल के माध्यम से समाज के सभी वर्गों की भागीदारी और राष्ट्रीय पर्व की समान भावना का संदेश दिया गया.

आजादी अधिकार के साथ जिम्मेदारी भी

समारोह में वक्ताओं ने कहा कि आजादी केवल अधिकार नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी भी है. स्वतंत्रता के मूल्यों को आत्मसात करते हुए देश की एकता, अखंडता, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द को बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है.सलखुआ में पूरे दिन तिरंगा शान से लहराता रहा. राष्ट्रगान, देशभक्ति के नारों और भारत माता के जयघोष से वातावरण गूंजता रहा. लोगों में देश के प्रति गौरव, सम्मान और प्रेम की भावना साफ दिखाई दी.


विज्ञापन
Bashistha Kumar

लेखक के बारे में

By Bashistha Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन