सहरसा में शराब के ठिकाने पर पुलिस की दबिश, 305.79 लीटर विदेशी शराब और 10 लीटर कफ सिरप जब्त
सहरसा पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. विद्यापति नगर के एक खंडहर मकान से पुलिस ने 305.79 लीटर विदेशी शराब और 10 लीटर कफ सिरप बरामद किया है. इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य फरार हो गए.
Saharsa News: सहरसा सदर थाना पुलिस ने शराब के खिलाफ चलाये जा रहे विशेष छापेमारी अभियान के दौरान विद्यापति नगर में बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने एक खंडहरनुमा मकान से 305.79 लीटर विदेशी शराब और 10 लीटर कोडिनयुक्त कफ सिरप बरामद किया है. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से दो आरोपितों को गिरफ्तार किया, जबकि वहां मौजूद अन्य लोग अंधेरे और संकरी गलियों का फायदा उठाकर फरार हो गये. पुलिस ने मौके से पांच मोटरसाइकिल और एक टेंपो भी जब्त किया है.
खंडहर मकान में जुटे थे कई लोग
पुलिस के अनुसार, सदर थाना में पदस्थापित पुलिस पदाधिकारी संदीप कुमार राम के नेतृत्व में सिपाही पिंटू कुमार और राहुल कुमार के साथ पुलिस टीम विशेष छापेमारी के लिए निकली थी. इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि विद्यापति नगर में रिंकू झा के कोचिंग के पास स्थित एक खंडहर मकान में कुछ लोग मोटरसाइकिल लेकर जुटे हैं और वहां शराब की खरीद-बिक्री की जा रही है.
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने पहले मामले का सत्यापन किया. सूचना सही पाये जाने के बाद पुलिस टीम करीब 1:25 बजे खंडहर मकान के पास पहुंची. पुलिस वाहन को देखते ही वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गयी और कई लोग मौके से भागने लगे. पुलिस बल ने पीछा कर दो लोगों को पकड़ लिया, जबकि अन्य लोग अंधेरे और संकरी गलियों का फायदा उठाकर फरार हो गये.
अलग-अलग ब्रांड की 305.79 लीटर शराब बरामद
तलाशी के दौरान पुलिस को खंडहर मकान से विभिन्न ब्रांड की विदेशी शराब मिली. पुलिस ने कुल 305.79 लीटर शराब बरामद की. इसके अलावा 100 बोतलों में रखे कुल 10 लीटर कोडिनयुक्त कफ सिरप को भी जब्त किया गया.
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मधेपुरा जिले के कुमारखंड थाना क्षेत्र निवासी राजीव रंजन और सहरसा जिले के सौरबाजार थाना क्षेत्र निवासी दीपक कुमार के रूप में हुई है. पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की.
पूछताछ में दो अन्य लोगों के नाम सामने आये
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में गिरफ्तार दोनों आरोपितों ने बताया कि उन्हें अमरेंद्र कुमार सिंह और दिलखुश कुमार ने विदेशी शराब खरीदने के लिए वहां बुलाया था. मामले में पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपितों के अलावा अमरेंद्र कुमार सिंह, दिलखुश कुमार और जब्त वाहनों के स्वामियों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की है.
पुलिस अब मामले में फरार आरोपितों की तलाश कर रही है. इसके लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. साथ ही जब्त वाहनों और बरामद शराब व कफ सिरप के संबंध में भी पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है.
Saharsa News: शराब के साथ वाहनों की भी जब्ती
छापेमारी के दौरान पांच मोटरसाइकिल और एक टेंपो जब्त किये जाने से पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इन वाहनों का इस्तेमाल शराब की खरीद-बिक्री या इसके परिवहन में किस तरह किया जा रहा था. पुलिस जब्त वाहनों के स्वामियों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है.
विद्यापति नगर में खंडहरनुमा मकान से इतनी बड़ी मात्रा में विदेशी शराब और कोडिनयुक्त कफ सिरप बरामद होने के बाद पुलिस की कार्रवाई चर्चा में है. सदर थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
Also Read: 'जो दलितों से टकराएगा...’ नारों के बीच पटना में प्रदर्शन, जेपी गोलंबर पर पुलिस से भिड़े प्रदर्शनकारी
Also Read: टना में NIA की रेड के दौरान स्कूटी से मिले 20 लाख कैश, पुलिस ने युवक को हिरासत में लिया
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए