औरंगाबाद : नाबालिग से दुष्कर्म पर अंबा में फूटा लोगों का आक्रोश, सैकड़ों ने निकाला मार्च; तीनों आरोपितों को फांसी की मांग
औरंगाबाद जिले के कुटुंबा थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की से दुष्कर्म की घटना से लोगों में भारी आक्रोश है. सैकड़ों लोग अंबा की सड़कों पर उतरे और प्रदर्शन करते हुए तीनों आरोपितों को फांसी की सज़ा देने की मांग की.
Aurangabad News : औरंगाबाद जिले के कुटुंबा थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म की घटना के विरोध में मंगलवार को अंबा में लोगों का आक्रोश फूट पड़ा. घटना से आक्रोशित सैकड़ों लोगों ने मंगलवार को सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया और आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की. लोगों ने अंबा बाजार में आक्रोश मार्च निकालकर सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की. प्रदर्शन के दौरान आरोपितों को फांसी की सजा देने की मांग प्रमुखता से उठी.
चिल्हकी हाई स्कूल से मुख्य चौक तक निकला मार्च
जानकारी के अनुसार, कुटुंबा थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आयी है. घटना के बाद से इलाके के लोगों में काफी आक्रोश है. इस दौरान मंगलवार को हाथों में तख्तियां लेकर लोगों ने न्याय की मांग करते हुए चिल्हकी हाई स्कूल के समीप से आक्रोश मार्च शुरू किया गया, जो औरंगाबाद रोड, देव रोड होते हुए हरिहरगंज रोड और नवीनगर रोड से होकर अंबा मुख्य चौक पहुंचा.
इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शन में ‘बिहार सरकार मुर्दाबाद’, ‘मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मुर्दाबाद’, ‘पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद’ और ‘बलात्कारी को फांसी दो’ जैसे नारे लगाये गये.
मुख्य चौक पर जनसभा में तब्दील हुआ मार्च
अंबा बाजार के मुख्य चौक पर पहुंचने के बाद आक्रोश मार्च सभा में तब्दील हो गया. सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने घटना की कड़ी निंदा की और आरोपितों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की. भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष करण पासवान ने कहा कि नाबालिग के साथ हुई घटना मानवता को शर्मसार करने वाली है.
ऐसे दरिंदों के लिए समाज में कोई जगह नहीं होनी चाहिए. पुलिस प्रशासन को मामले में सख्त कार्रवाई करते हुए पीड़िता को जल्द न्याय दिलाना चाहिए, ताकि भविष्य में किसी लड़की या महिला के साथ ऐसी घटना को अंजाम देने की कोई हिम्मत न कर सके.
स्पीडी ट्रायल चलाकर आरोपितों को फांसी देने की मांग
प्रदर्शनकारियों ने मामले का स्पीडी ट्रायल चलाकर तीनों नामजद आरोपितों को फांसी की सजा दिलाने की मांग की.
लोगों ने कहा कि घटना के दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए. प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि आरोपितों को फांसी से कम सजा मिली, तो आंदोलन को और व्यापक किया जायेगा. इसके तहत पूरे जिले में चक्का जाम और उग्र आंदोलन किया जायेगा.
आक्रोश मार्च में बड़ी संख्या में शामिल हुए स्थानीय लोग और ग्रामीण
आक्रोश मार्च में रवींद्र कुमार, कृष्णा राम, कन्हैया कुमार, रामजन्म राम, लीला देवी, रिंकू देवी, दशरथ भारती, प्रवीण कुमार, नवीन कुमार, अजय मेहता, वीरेंद्र मेहता, गुड्डू राम, धनंजय कुमार, बिरजू बिहारी समेत सैकड़ों की संख्या में महिला एवं पुरुष शामिल थे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए