त्वरित कार्रवाई से पुलिस ने बचायी छह नाबालिग लड़कियों की जान

त्वरित कार्रवाई से पुलिस ने बचायी छह नाबालिग लड़कियों की जान
ऑर्केस्ट्रा में काम दिलाने के नाम पर बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका सलखुआ . थाना क्षेत्र में पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते बड़ी सफलता हासिल की है. थाना क्षेत्र से लापता हुई छह नाबालिग लड़कियों को महज 24 घंटे के अंदर सकुशल बरामद कर लिया गया. इस कार्रवाई से क्षेत्र में राहत एवं भरोसे का माहौल बना है. जानकारी के अनुसार 12 अप्रैल को सभी लड़कियां अपनी एक सहेली के साथ घर से निकली थी. लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटीं. परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर मामले की सूचना पुलिस को दी. जांच के दौरान यह बात सामने आयी कि गांव की ही एक लड़की जो ऑर्केस्ट्रा में कार्य करती है ने बहला-फुसलाकर इन सभी को अपने साथ ले गयी. मामले में शोषण एवं मानव तस्करी की आशंका भी व्यक्त की गयी. पीड़िता समरी देवी के आवेदन के आधार पर सलखुआ थाना में बीएनएस की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गयी. मामले की गंभीरता को देखते पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सिमरी बख्तियारपुर मुकेश कुमार ठाकुर के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने जिला आसूचना इकाई के सहयोग से त्वरित कार्रवाई करते सारण जिला के जनता बाजार थाना क्षेत्र में छापेमारी कर सभी लड़कियों को सुरक्षित बरामद कर लिया. छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सिमरी बख्तियारपुर मुकेश कुमार ठाकुर, पुअनि सह थानाध्यक्ष सलखुआ मुकेश कुमार सिंह, पुअनि बनमा ईटहरी थाना आभा कुमारी, पुअनि सलखुआ थाना रविता कुमारी, परि पुअनि सलखुआ दीपक कुमार राम, जिला आसूचना इकाई के अधिकारी, कर्मी, महिला सिपाही कंचन कुमारी शामिल थी. मंगलवार को सभी बरामद लड़कियों को अनुसंधान कर्ता पुअनि रविता कुमारी के पुलिस अभिरक्षा में मेडिकल जांच एवं न्यायिक प्रक्रिया के तहत बयान दर्ज कराने के लिए सदर अस्पताल एवं न्यायालय ले जाया गया. पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है. वही बरामद लड़कियों के परिजन पुलिस की दुहाई दे रहे हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




