सत्यनारायण पूजा के प्रसाद से सौ से अधिक लोग बीमार, विधायक और जनप्रतिनिधियों ने संभाला मोर्चा
फोटो - सरडीहा गांव में मरीजों को दिशा-निर्देश देते सिविल सर्जन डॉ राजनारायण प्रसाद.
सहरसा के सरडीहा गांव में सत्यनारायण पूजा का प्रसाद खाने के बाद सौ से अधिक लोग बीमार हो गए. आनन-फानन में स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कैंप लगाकर उपचार शुरू किया. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय विधायक भी गांव पहुंचे और मरीजों का हाल जाना.
Saharsa Food Poisoning: सिमरी बख्तियारपुर (सहरसा). सरडीहा पंचायत के मध्य टोला में सत्यनारायण पूजा का प्रसाद खाने के बाद सौ से अधिक लोगों के बीमार पड़ने की घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन सक्रिय हो गया. बड़ी संख्या में ग्रामीणों में उल्टी और दस्त की शिकायत सामने आने के बाद मध्य टोला स्थित बाल समिति पुस्तकालय भवन में अस्थायी मेडिकल कैंप बनाया गया. स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कैंप में मरीजों की जांच कर दवाएं उपलब्ध कराईं, जबकि गंभीर रूप से परेशान लोगों के घर पहुंचकर भी उपचार किया गया.
जज ने विधायक को दी सूचना, तत्काल भेजी गई मेडिकल टीम
दरभंगा न्यायालय में पदस्थापित जज एवं सरडीहा गांव के मूल निवासी प्रफुल्ल कुमार सिंह ने घटना की जानकारी स्थानीय विधायक संजय कुमार सिंह को दी. सूचना मिलते ही विधायक ने अनुमंडलीय अस्पताल प्रशासन से संपर्क कर गांव में तत्काल मेडिकल टीम भेजने को कहा.इसके बाद प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ आशीष कुमार और स्वास्थ्य प्रबंधक अखिलेश कुमार के नेतृत्व में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की टीम आवश्यक दवाओं के साथ गांव पहुंची और बीमार लोगों का उपचार शुरू किया.
पुस्तकालय भवन बना अस्थायी अस्पताल
एक साथ बड़ी संख्या में लोगों के बीमार होने के बाद मध्य टोला स्थित बाल समिति पुस्तकालय भवन में अस्थायी मेडिकल कैंप स्थापित किया गया. यहां मरीजों की जांच कर आवश्यक दवाएं दी गईं. वहीं कैंप तक नहीं पहुंच पाने वाले मरीजों के घर जाकर स्वास्थ्यकर्मियों ने उपचार किया.
डॉ बैद्यनाथ कुमार के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम पूरे दिन गांव में कैंप कर मरीजों की स्थिति पर नजर रखती रही.
विधायक ने गांव पहुंचकर जाना मरीजों का हाल
घटना की जानकारी मिलने के बाद विधायक संजय कुमार सिंह भी सरडीहा गांव पहुंचे. उन्होंने मेडिकल कैंप का निरीक्षण किया और बीमार ग्रामीणों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना. विधायक ने कई घरों में पहुंचकर मरीजों की स्थिति की जानकारी ली और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.
उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि इलाज में किसी प्रकार की कमी नहीं होने दी जाएगी.
अधिकांश मरीजों में उल्टी-दस्त के लक्षण
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार प्रभावित लोगों में मुख्य रूप से उल्टी और दस्त की शिकायत सामने आई है. सभी मरीजों को आवश्यक दवाएं और चिकित्सकीय परामर्श दिया जा रहा है. स्वास्थ्य प्रबंधक अखिलेश कुमार ने बताया कि फिलहाल सभी मरीज खतरे से बाहर हैं और स्थिति नियंत्रण में है.
सिविल सर्जन ने गांव पहुंचकर लिया जायजा
घटना की सूचना मिलने के बाद शनिवार शाम सहरसा के सिविल सर्जन डॉ राजनारायण प्रसाद भी सरडीहा गांव पहुंचे. उन्होंने मेडिकल कैंप का निरीक्षण किया, मरीजों से मुलाकात की और चिकित्सकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये.सिविल सर्जन ने स्वास्थ्य विभाग की टीम को लगातार निगरानी बनाए रखने तथा जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.
मुखिया और पंचायत समिति सदस्य भी हुए प्रभावित
प्रसाद खाने के बाद बीमार होने वालों में विधायक प्रतिनिधि मुरारी कुमार सिंह, मुखिया सुमन कुमार सिंह और पंचायत समिति सदस्य राहुल सिंह सहित कई अन्य प्रमुख ग्रामीण भी शामिल हैं. जनप्रतिनिधियों के भी प्रभावित होने के कारण घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी रही.
ग्रामीणों ने भी संभाली राहत व्यवस्था
Saharsa Food Poisoning: स्वास्थ्य विभाग की टीम को उपचार कार्य में स्थानीय लोगों का भी सहयोग मिला. पंचायत समिति सदस्य राहुल सिंह, स्वच्छता पर्यवेक्षक अनीश कुमार सिंह सहित कई युवाओं ने मरीजों को मेडिकल कैंप तक पहुंचाने और जरूरतमंदों के घर तक चिकित्सकों को ले जाने में सहयोग किया.ग्रामीणों की सक्रियता से राहत और उपचार कार्य को तेजी से संचालित करने में मदद मिली.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By अंजन आर्यन सिंह
पत्रकारिता में 14 वर्षों का अनुभव. अब तक लगातार सहरसा से क्राइम और स्वास्थ्य की खबरें संकलित करता हूं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










