पत्नी की हत्या मामले में पति गिरफ्तार, 72 घंटे के अंदर पुलिस को मिली सफलता

Updated:
विज्ञापन
पत्नी की हत्या मामले में पति गिरफ्तार, 72 घंटे के अंदर पुलिस को मिली सफलता

विवाहिता रौनक खातून की संदिग्ध मौत मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपित पति मो जफर को घटना के 72 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया है.

विज्ञापन

विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत मामले में पति समेत ससुराल पक्ष पर प्राथमिकी

अन्य आरोपितों की तलाश में छापेमारी जारी

सिमरी बख्तियारपुर. बलवाहाट थाना क्षेत्र के मोहनपुर पंचायत अंतर्गत मदनपुर वार्ड संख्या दो में विवाहिता रौनक खातून की संदिग्ध मौत मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपित पति मो जफर को घटना के 72 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया है. मामले में मृतका की मां के आवेदन पर पति समेत ससुराल पक्ष के आधा दर्जन से अधिक लोगों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज की गयी थी. पुलिस अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है. मृतका की मां नूरानी खातून, जो सोनवर्षा कचहरी थाना क्षेत्र के धकजरी गांव की निवासी हैं, ने बलवाहाट थाने में दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि उनकी पुत्री रौनक खातून की हत्या उसके पति मो जफर एवं ससुराल पक्ष के लोगों ने मिलकर पीट-पीटकर कर दी.

पति-पत्नी के बीच लगातार होता था विवाद

प्राथमिकी के अनुसार, मो जफर का किसी अन्य महिला के साथ कथित अवैध संबंध था. इसकी जानकारी होने पर रौनक खातून ने विरोध किया, जिसके बाद पति-पत्नी के बीच लगातार विवाद होने लगा. स्वजनों ने बताया कि रौनक करीब छह माह बाद मायके से ससुराल मदनपुर लौटी थी, जबकि उसका पति 14 मई को राजस्थान से वापस घर आया था. घर लौटने के बाद दोनों के बीच तनाव बढ़ गया था. परिजनों के अनुसार बीते गुरुवार को पड़ोस में आयोजित एक शादी समारोह में रौनक खातून ने डांस किया था, जिसे लेकर पति नाराज हो गया. आरोप है कि इसके बाद उसने रौनक के साथ मारपीट की. रौनक ने इसकी जानकारी अपनी मां को भी दी थी, लेकिन परिजनों ने इसे पति-पत्नी का सामान्य विवाद समझकर गंभीरता से नहीं लिया. आरोप है कि बाद में मो जफर ने अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर रौनक की पीट-पीटकर हत्या कर दी और शव को घर में छोड़कर फरार हो गया.

इधर मंगलवार को बलवाहाट थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर ने बताया कि सोमवार को थानाध्यक्ष राजू कुमार को सूचना मिली थी कि हत्याकांड का मुख्य आरोपित मो जफर थाना क्षेत्र के खसिया पुल के समीप देखा गया है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया. एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेजते हुए सहरसा न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है. वहीं मामले में नामजद अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.

विज्ञापन
दीपांकर श्रीवास्तव

लेखक के बारे में

By दीपांकर श्रीवास्तव

दीपांकर श्रीवास्तव प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के सहरसा कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन