विद्युत उपभोक्ताओं की शिकायतों के लिए सोमवार व शुक्रवार को लगेगा शिविर

विद्युत उपभोक्ताओं की शिकायतों के लिए सोमवार व शुक्रवार को लगेगा शिविर
ऊर्जा विभाग की विशेष पहल अब 72 घंटे में शिकायतों का होगा समाधानः दीपक कुमार सहरसा . उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से विद्युत विभाग ने महत्वपूर्ण पहल की है. शीर्ष प्रबंधन के निर्देशानुसार अब प्रत्येक सोमवार एवं शुक्रवार को सभी संबंधित कार्यालयों में उपभोक्ता शिकायत निवारण के लिए विशेष शिविर का आयोजन किया जायेगा. वरीय प्रबंधक राजस्व विद्युत आपूर्ति अंचल दीपक कुमार ने बताया कि विद्युत आपूर्ति अंचल के तहत तीनों जिले सहरसा, सुपौल एवं मधेपुरा में यह शिविर प्रत्येक निर्धारित दिवस को सुबह 11 बजे से अपराह्न दो बजे तक आयोजित होगा. शिविर में बिजली बिल से संबंधित त्रुटियों एवं समस्याओं का समाधान, विद्युत आपूर्ति से जुड़ी समस्याएं जैसे झुका हुआ पोल, ढीले तार, कम वोल्टेज एवं खराब ट्रांसफार्मर की शिकायतों का त्वरित निवारण, नए विद्युत कनेक्शन एवं नाम परिवर्तन के लिए आवेदन की सुविधा, स्मार्ट प्री-पेड मीटर से संबंधित शिकायतों का समाधान, कृषि कनेक्शन के लिए आवेदन एवं आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी, पीएम सूर्य घर योजना के तहत आवेदन एवं मार्गदर्शन सहित अन्य बिजली संबंधी शिकायतों का त्वरित निष्पादन किया जायेगा. उन्होंने बताया कि प्राप्त शिकायतों के समाधान के लिए 72 घंटे की समय-सीमा निर्धारित की गयी है. शिविर की सूचना का व्यापक प्रचार-प्रसार स्थानीय स्तर पर विभिन्न माध्यमों से किया जा रहा है. जिससे अधिक से अधिक उपभोक्ता इसमें भाग लेकर अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त कर सकें. शिविर के दौरान सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी कार्यालय में उपस्थित रहेंगे एवं आवेदकों को उनके आवेदन की स्थिति व निष्पादन की समय-सीमा के बारे में स्पष्ट जानकारी प्रदान करेंगे. विद्युत विभाग का उद्देश्य है कि आगामी दो महीनों के अंदर लंबित सभी प्रकार की शिकायतों का समुचित एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाये. जिससे उपभोक्ताओं के बीच विभाग के प्रति विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो सके. उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे निर्धारित दिवस पर अपने नजदीकी विद्युत कार्यालय में आयोजित शिविर में पहुंचकर इस सुविधा का अधिकतम लाभ उठायें.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




