ईंट लदे ट्रैक्टर की टक्कर से संगीत शिक्षक की मौत, साथी शिक्षक गंभीर घायल, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
शिक्षक का फाइल फोटो. | Prabhat Khabar Network
Road Accident : सरबेला मार्ग पर एक भीषण सड़क हादसे में संगीत शिक्षक चंद्र मोहन यादव की दुखद मृत्यु हो गई. उनके साथी शिक्षक भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं. यह घटना शिक्षा जगत और स्थानीय समुदाय में शोक की लहर दौड़ा गई है.
Road Accident : बनमा–सरबेला मार्ग पर सरबेला चिमनी के समीप गुरुवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ बाइक पर सवार दूसरे शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे की खबर फैलते ही शिक्षा जगत और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई.
विद्यालय जाते समय हुआ दर्दनाक हादसा
मृतक की पहचान सत्तर कटैया प्रखंड के मकुना पंचायत वार्ड संख्या-10 निवासी 38 वर्षीय चंद्र मोहन यादव, पिता उपेंद्र यादव, के रूप में हुई है. वे टीआरई-3 के तहत प्लस-टू विद्यालय में संगीत शिक्षक के पद पर कार्यरत थे. उनके परिवार में पत्नी, तीन बेटियां और एक बेटा हैं, जो सहरसा में रहते हैं.
जानकारी के अनुसार, चंद्र मोहन यादव अपने साथी शिक्षक दिलीप कुमार दिवाना, जो एनपीएस भगत टोला में पदस्थापित हैं, के साथ हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (बीआर 50 यू 5692) से जा रहे थे. इसी दौरान सरबेला चिमनी के समीप ईंट लदे एक ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी.
मौके पर शिक्षक की मौत, साथी गंभीर घायल
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चंद्र मोहन यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथी दिलीप कुमार दिवाना गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल शिक्षक को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है.
पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त कर शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही बनमा ईटहरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. थानाध्यक्ष कुंदन कुमार सहनी ने बताया कि दुर्घटना में शामिल ईंट लदा ट्रैक्टर जब्त कर लिया गया है. मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है.
शिक्षा जगत में शोक, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
संगीत शिक्षक चंद्र मोहन यादव के असामयिक निधन की खबर से शिक्षा जगत, सहकर्मियों और परिचितों में गहरा शोक व्याप्त है. लोगों ने दिवंगत शिक्षक को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की. पत्नी और चार बच्चों के सिर से पिता का साया उठ जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By दीपांकर श्रीवास्तव
दीपांकर श्रीवास्तव प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के सहरसा कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










