72 घंटे में बिजली की समस्या के समाधान का आश्वासन
Published by : Dipankar Shriwastaw Updated At : 17 Apr 2026 6:57 PM
72 घंटे में बिजली की समस्या के समाधान का आश्वासन
विद्युत विभाग की पहल, समस्याओं के त्वरित निवारण के लिए लगाया गया विशेष शिविर सहरसा . बिजली से जुड़ी समस्याओं से परेशान उपभोक्ताओं के लिए विद्युत विभाग द्वारा उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से शुक्रवार को विशेष शिविरों का आयोजन किया गया. इन शिविरों में प्राप्त शिकायतों के निवारण के लिए 72 घंटे की समय सीमा निर्धारित की गयी है. जिससे उपभोक्ताओं को लंबी प्रतीक्षा से राहत मिल सके. शिविर में बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने भाग लेकर अपनी समस्याएं दर्ज करायी. विभाग द्वारा प्राप्त शिकायतों के शीघ्र निष्पादन की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गयी है. जिससे उपभोक्ताओं को जल्द राहत मिल सके. विद्युत कार्यपालक अभियंता अमित कुमार ने बताया कि अप्रैल माह में आगामी शिविर 20, 24 एवं 27 अप्रैल को आयोजित किये जायेंगे. प्रत्येक शिविर का समय सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक निर्धारित है. यह शिविर सभी विद्युत कार्यालयों में, विशेषकर कनीय विद्युत अभियंता स्तर तक आयोजित किये जा रहे हैं. जिससे स्थानीय स्तर पर ही समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जा सके. उन्होंने बताया कि इन शिविरों में बिजली बिल से संबंधित त्रुटियों का तत्काल सुधार किया जायेगा. साथ ही झुके हुए पोल, ढीले तार, कम वोल्टेज, खराब ट्रांसफार्मर जैसी तकनीकी समस्याओं पर मौके पर ही कार्रवाई की जायेगी. विभाग द्वारा यह भी सुनिश्चित किया गया है कि नये विद्युत कनेक्शन, नाम परिवर्तन एवं स्मार्ट प्रीपेड मीटर से जुड़ी शिकायतों का समाधान भी शिविर स्थल पर ही किया जाये. जिससे उपभोक्ताओं को विभिन्न प्रक्रियाओं में भटकना नहीं पड़े. इसके अतिरिक्त कृषि कनेक्शन प्राप्त करने के इच्छुक किसानों के लिए भी यह शिविर उपयोगी सिद्ध हो रहा है. उन्हें आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों एवं अन्य औपचारिकताओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध करायी जा रही है. वहीं पीएम सूर्यघर योजना के तहत सोलर कनेक्शन लेने के इच्छुक उपभोक्ताओं को भी मौके पर मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है. जिससे योजना का लाभ उठाना सरल हो सके. यह पहल उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए की गयी है,. जिससे उन्हें छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़े. विद्युत विभाग का उद्देश्य शिकायत निवारण प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी एवं त्वरित बनाना है. जिससे उपभोक्ताओं को इसका सीधा लाभ प्राप्त हो सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










