पटना में पर्यटन विभाग के इंजिनियर अवधेश कुमार सिन्हा के ठिकानों पर निगरानी का छापा, 1.41 करोड़ से अधिक की अवैध संपत्ति का खुलासा

Updated:
विज्ञापन
अभियंता अवधेश कुमार सिन्हा के ठिकानों पर निगरानी का छापा

अभियंता अवधेश कुमार सिन्हा के ठिकानों पर निगरानी का छापा

Raid on Engineer Avadhesh Kumar Sinha: पर्यटन विभाग के अधीक्षण अभियंता अवधेश कुमार सिन्हा के पटना स्थित तीन ठिकानों पर निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने छापेमारी की है. इस कार्रवाई में 1.41 करोड़ रुपये से अधिक की आय से अधिक संपत्ति का खुलासा हुआ है, जिसमें करोड़ों के निवेश, जेवरात और विभिन्न संपत्तियों के दस्तावेज शामिल हैं.

विज्ञापन

Raid on Engineer Avadhesh Kumar Sinha: निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने पर्यटन विभाग के अधीक्षण अभियंता अवधेश कुमार सिन्हा के पटना स्थित तीन ठिकानों पर छापेमारी कर 1.41 करोड़ रुपये से अधिक की आय से अधिक संपत्ति का खुलासा किया है. निगरानी विभाग ने उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज करने के बाद विशेष न्यायालय से सर्च वारंट प्राप्त कर यह कार्रवाई की. तलाशी शुक्रवार देर रात तक जारी रही.

निगरानी विभाग के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, अवधेश कुमार सिन्हा के खिलाफ 1,41,90,000 रुपये की आय से अधिक संपत्ति का पता चला है, जो उनकी कुल ज्ञात वैध आय से लगभग 75 प्रतिशत अधिक है. निगरानी विभाग की तीन अलग-अलग टीमों ने राजीव नगर स्थित फ्रेंड्स कॉलोनी के आवास 'मंगलम' समेत उनके तीन ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की.

करोड़ों के निवेश और संपत्तियों के दस्तावेज बरामद

तलाशी के दौरान आरोपी इंजीनियर और उनके परिजनों के नाम पर करोड़ों रुपये के निवेश, कीमती जेवरात और विभिन्न संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए हैं. आशियाना नगर के फ्रेंड्स कॉलोनी में दो कट्ठा चार धूर जमीन के दस्तावेज मिले हैं, जिसका खरीद मूल्य 75.63 लाख रुपये अंकित है.

इसी जमीन पर निर्मित मकान के लिए सिविल कांट्रेक्टर के साथ किए गए एमओयू के दस्तावेज भी मिले हैं, जिसमें 20 लाख रुपये अग्रिम भुगतान और शेष 97 लाख रुपये आठ किस्तों में भुगतान किए जाने का उल्लेख है.


Image

अन्य जमीन के एग्रीमेंट और बैंक लॉकर का भी मिला पता

निगरानी टीम को एक अन्य जमीन के एग्रीमेंट पेपर भी मिले हैं, जिस पर कुल मूल्य 75.62 लाख रुपये अंकित है. इसके अलावा केनरा बैंक में एक लॉकर का पता चला है, जिसे सील कर दिया गया है. आगे की कानूनी प्रक्रिया के तहत इसे खोला जाएगा.

छापेमारी के दौरान 61 हजार रुपये नकद, 5.05 लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवरात, 3.07 लाख रुपये मूल्य के हीरा जड़ित स्वर्णाभूषण तथा डेढ़ लाख रुपये मूल्य के चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं. विभिन्न संपत्तियों से जुड़े 12 डीड के कागजात भी जब्त किए गए हैं.

19 बैंक खातों और तीन फ्लैट के दस्तावेज मिले

निगरानी विभाग को आरोपी और उनके परिवार से संबंधित 19 बैंक खातों के दस्तावेज भी मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है. विभिन्न बीमा पॉलिसियों में किए गए निवेश से जुड़े दस्तावेज भी बरामद हुए हैं.

तलाशी के दौरान पटना समेत अन्य स्थानों पर स्थित तीन फ्लैट के दस्तावेज भी मिले हैं. इसके अलावा एक हुंडई कार भी बरामद की गई है. निगरानी ब्यूरो का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और बैंक खातों तथा लॉकर की जांच पूरी होने के बाद आय से अधिक संपत्ति का आंकड़ा और बढ़ सकता है.


Image

भ्रष्टाचार के मामलों की शिकायत करने की अपील

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने इस कार्रवाई के साथ आम जनता से अपील की है कि यदि कोई सरकारी सेवक रिश्वत की मांग करता है तो इसकी सूचना तत्काल निगरानी विभाग को दें. विभाग ने भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में आम लोगों से सहयोग की भी अपील की है.


विज्ञापन
निखिल अनुराग

लेखक के बारे में

By निखिल अनुराग

मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट ( माखनलाल पत्रकारिता विश्वविद्यालय). नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है. नोएडा में टीवी न्यूज में काम करने के बाद हिंदुस्तान ग्रूप होते हुए बिहार, झारखंड की सबसे पसंदीदा अखबार प्रभात खबर में कार्यरत. हां एक बात और... पढ़ने-लिखने की जिज्ञासा कभी खत्म नहीं होगी. साहित्य में बेहद दिलचस्पी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन