भवानीपुर में लकड़ी व्यवसायी की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, परिजनों ने जतायी हत्या की आशंका

Author Arun kumar
Updated:
विज्ञापन
WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

पिता ने पहली पत्नी व पुत्रों समेत सात पर दर्ज कराया हत्या का मामला

विज्ञापन

पिता ने पहली पत्नी व पुत्रों समेत सात पर दर्ज कराया हत्या का मामला भवानीपुर. भवानीपुर नगर पंचायत के वार्ड संख्या 11 में शुक्रवार की देर रात एक लकड़ी व्यवसायी की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गयी. मृतक की पहचान मो. जब्बार (40 वर्ष) के रूप में की गई है. घटना के बाद मृतक के परिजनों ने इसे सुनियोजित हत्या बताते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, मो. जब्बार शुक्रवार की रात अपनी लकड़ी की दुकान पर मौजूद थे. उनकी दूसरी पत्नी संजना खातून ने पुलिस को बताया कि वह देर रात अपने पति को खाना देने दुकान पर गई थी. खाना खिलाने के बाद वह बिछावन लाने घर लौट आयी. कुछ देर बाद जब वह बिछावन लेकर दुकान पर वापस पहुंची, तो उसने देखा कि जब्बार दुकान के फर्श पर गिरे पड़े हैं और उनके गले में गमछा लिपटा हुआ है.यह दृश्य देखते ही वह जोर-जोर से चिल्लाने लगी. शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए. स्थानीय लोगों की मदद से जब्बार को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भवानीपुर ले जाया गया, जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. एसडीपीओ संदीप गोल्डी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत होता है. मृतक के पिता द्वारा हत्या का आरोप लगाए जाने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा. घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन अस्पताल पहुंचे. मृतक के पिता मो. सफुर ने भवानीपुर थाना में आवेदन देकर आरोप लगाया कि उनके पुत्र की हत्या की गई है. उन्होंने मृतक की पहली पत्नी तथा उसके पुत्रों सहित कुल सात लोगों को नामजद करते हुए हत्या का मामला दर्ज कराया है. आवेदन में पारिवारिक विवाद को घटना का संभावित कारण बताया गया है. पुलिस ने दिए गए आवेदन के आधार पर भवानीपुर थाना में कांड संख्या 37/26 के तहत हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली है. मौके पर पहुंची पुलिस व फोरेंसिक टीम घटना की सूचना पर भवानीपुर थानाध्यक्ष राजकुमार चौधरी एवं अवर निरीक्षक विकास कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और छानबीन शुरू की. दुकान को सील कर आसपास के लोगों से पूछताछ की गई. घटनास्थल की बारीकी से जांच की गई ताकि किसी प्रकार के सुराग मिल सकें.मामले की गंभीरता को देखते हुए धमदाहा के एसडीपीओ संदीप गोल्डी शनिवार को दोपहर लगभग एक बजे फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. भागलपुर से आयी एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम ने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य एकत्र किए. पुलिस ने सभी साक्ष्यों को कब्जे में लेकर आगे की जांच के लिए सुरक्षित रखा है. फोटो. 14 पूर्णिया 19- मृतक फाइल फोटो

विज्ञापन

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन