प्रारंभिक शिक्षकों ने शिक्षा मंत्री को सौंपा पत्र, निदान का मिला आश्वासन
Published by : AKHILESH CHANDRA Updated At : 26 May 2026 6:03 PM
निदान का मिला आश्वासन
प्रारंभिक शिक्षक संघ ने शिक्षा मंत्री को समस्याओं से कराया अवगत
नियोजित शिक्षकों को कालबद्ध प्रोन्नति का लाभ देने की उठायी गई मांग
पूर्णिया. बिहार पंचायत नगर प्रारम्भिक शिक्षक संघ की ओर से जिलाध्यक्ष राजीव रंजन भारती एवं जिला महासचिव सुशील कुमार आर्य ने संयुक्त रूप से बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी से मुलाकात की और उन्हें अपनी नौ सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा. इस मौके पर शिक्षा मंत्री को लंबित मांगों और समस्याओं से अवगत कराया गया. शिक्षा मंत्री श्री तिवारी ने आश्वस्त करते हुए कहा कि एक सप्ताह के भीतर शिक्षा विभाग के वरिष्ठ सचिव स्तरीय अधिकारियों और शिक्षक संघ के प्रतिनिधियों के बीच उच्च स्तरीय बैठक आयोजित कर शिक्षकों की हर छोटी बड़ी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा कर स्थाई समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा. इससे पहले पुष्पगुच्छ भेंट कर शिक्षा मंत्री का अभिनंदन किया. शिक्षक संघ के इस ज्ञापन में नियोजित शिक्षकों को कालबद्ध प्रोन्नति का लाभ देने के साथ प्रधान शिक्षक, विशिष्ट शिक्षक, विद्यालय अध्यापक को स्वैच्छिक स्थानांतरण की सुविधा प्रदान करने की मांग प्रमुखता से रखी गई है. ज्ञापन में कहा गया है कि शिक्षा विभाग के आदेश के बाबजूद जिले के शारीरिक शिक्षकों तथा अन्य सेवा पूर्व प्रशिक्षित शिक्षकों के वेतन विसंगति को दूर नहीं किया गया है, जबकि राज्य के अन्य जिलों में इस वेतन विसंगति अब नहीं रह गई. मांग पत्र में इस वेतन विसंगति को अविलंब दूर करने, मध्य विद्यालय के शारीरिक शिक्षकों को बेसिक ग्रेड के बदले स्नातक ग्रेड का लाभ देने और जिले के अन्य समस्याओं के निदान का अनुरोध किया गया है. बिहार पंचायत नगर प्रारम्भिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष राजीव रंजन भारती ने यह जानकारी देते हुए बताया कि शिक्षा मंत्री श्री तिवारी ने गंभीरता से उनकी समस्याएं सुनी और कहा कि बिहार सरकार और शिक्षा विभाग पूरी मजबूती के साथ शिक्षकों के साथ खड़ी है. उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सरकार गंभीर भी है. जिलाध्यक्ष ने बताया कि शिक्षा मंत्री ने जिम्मेवारी लेते हुए कहा कि आप शिक्षक झोपड़ी में रहने वाले लाखों बच्चों की भविष्य को निखारने की जिम्मेदारीपूर्ण निष्ठा से निभाते रहें.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










