पूर्णिया में ट्यूशन टीचर की निर्मम हत्या, मक्के के खेत में मिली लाश, आंखें तक गोद डालीं

Updated:
विज्ञापन
purnia crime news

मौके पर ग्रामीणों की भीड़

Bihar Crime News: बिहार के पूर्णिया जिले में एक ट्यूशन टीचर की निर्मम हत्या से इलाके में हड़कंप मच गया. कसबा थाना क्षेत्र में मक्के के खेत से शिक्षक का शव बरामद हुआ. मृतक घर से ट्यूशन पढ़ाने निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा.

विज्ञापन

Bihar Crime News: पूर्णिया जिले के कसबा थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. यहां मथोर गांव निवासी ट्यूशन टीचर आबिद की बेरहमी से हत्या कर दी गई. बताया जा रहा है कि वह गुरुवार दोपहर घर से ट्यूशन पढ़ाने के लिए निकले थे. देर शाम तक जब वह घर वापस नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता होने लगी. इसके बाद परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की.

मक्के के खेत में मिली लाश

शुक्रवार सुबह कमालपुर गांव के पास एक मक्के के खेत में आबिद का शव बरामद हुआ. खेत में सिंचाई करने पहुंचे एक व्यक्ति की नजर सबसे पहले शव पर पड़ी. उन्होंने तुरंत इसकी सूचना मृतक के परिजनों को दी. खबर मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे. शव की हालत देखकर सभी सन्न रह गए.

चाकू से गोदकर की गई हत्या

बताया जा रहा है कि हत्यारों ने आबिद की बेहद क्रूर तरीके से हत्या की. उनके शरीर के कई हिस्सों को चाकू से गोद दिया गया था. इतना ही नहीं, उनकी आंखों को भी गंभीर रूप से नुकसान पहुंचाया गया था. इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.

20 साल से ससुराल में रह रहे थे

परिजनों के अनुसार आबिद पिछले करीब 20 सालों से अपने ससुराल में ही रह रहे थे. वह गांव के बच्चों को प्राइवेट ट्यूशन पढ़ाकर परिवार का पालन-पोषण करते थे. मृतक के ससुर अब्दुल गफ्फार ने बताया कि आबिद का किसी से कोई विवाद या दुश्मनी नहीं थी. इसलिए परिवार के लोग भी इस घटना से हैरान हैं.

पुलिस और फोरेंसिक टीम जांच में जुटी

घटना की जानकारी मिलते ही कसबा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. साथ ही फोरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया. कसबा थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए पूर्णिया स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है.

जांच के बाद सामने आएगा सच

फिलहाल पुलिस और फोरेंसिक टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है. आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के असली कारणों का पता चल पाएगा. वहीं इस घटना के बाद गांव में डर और शोक का माहौल बना हुआ है.

Also Read: बिहार विधानसभा को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बम और डॉग स्क्वायड खंगाल रहा कोना-कोना

विज्ञापन
अभिनंदन पांडेय

लेखक के बारे में

By अभिनंदन पांडेय

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन