पढ़ाई के तनाव से मुक्ति दिलाने पूर्णिया पहुंचे मशहूर गायक, बच्चों को सिखाए सरगम के सुर
पूर्णिया के कसबा में स्पीक मैके द्वारा आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को भारतीय शास्त्रीय संगीत से जोड़ा गया. प्रसिद्ध गायक पंडित रितेश मिश्रा और पंडित रजनीश मिश्रा ने बच्चों को सुरों की बारीकियां सिखाईं और सरगम के महत्व से परिचित कराया.
पूर्णिया, कसबा. कॅरियर की दौड़ में बढ़ते तनाव के बीच विद्यार्थियों को भारतीय शास्त्रीय संगीत से जोड़ने की पहल की गयी. स्पीक मैके के पूर्णिया चैप्टर के बैनर तले कसबा स्थित मध्य विद्यालय बिशनपुर में हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत कार्यक्रम का आयोजन किया गया. विख्यात शास्त्रीय गायक पंडित रितेश मिश्रा एवं पंडित रजनीश मिश्रा ने विद्यार्थियों के बीच सुरों की महफिल सजायी और उन्हें शास्त्रीय संगीत की बारीकियों से रू-ब-रू कराया.
राग बसंतमुखाड़ी में बंदिश से हुई प्रस्तुति की शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत कलाकारों ने प्राचीन राग बसंतमुखाड़ी में मध्य लय की बंदिश प्रस्तुत कर की. दोनों कलाकारों के भावपूर्ण गायन ने विद्यार्थियों को मंत्रमुग्ध कर दिया. कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को शास्त्रीय गायन के विभिन्न पहलुओं और सुरों की विशेषताओं की जानकारी भी दी गयी.
विद्यार्थियों को सिखाया सातों स्वरों की सुंदरता वाला गीत
कलाकारों ने गायन प्रस्तुति से पहले विद्यार्थियों को एक सुंदर गीत भी सिखाया. गीत के माध्यम से विद्यार्थियों को सरगम के सातों स्वरों की सुंदरता और संगीत में उनके महत्व से परिचित कराया गया. विद्यार्थियों ने भी इसमें उत्साह के साथ भाग लिया.
हारमोनियम और तबले की संगत ने बांधा समां
गायन के साथ विख्यात हारमोनियम वादक देवाशीष अधिकारी ने हारमोनियम पर और अर्कोदीप दास ने तबले पर शानदार संगत की. गायन और वाद्य संगत के तालमेल ने कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी बना दिया. विद्यार्थियों ने शास्त्रीय संगीत की इस प्रस्तुति का आनंद लिया.
भजन के साथ हुआ कार्यक्रम का समापन
कार्यक्रम का समापन भजन की प्रस्तुति के साथ किया गया. शास्त्रीय गायकों ने विद्यार्थियों को भारतीय संगीत की समृद्ध परंपरा से जुड़ने और संगीत के माध्यम से मन को शांत एवं एकाग्र रखने का संदेश दिया.
दीप प्रज्वलन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
इससे पहले कार्यक्रम का शुभारंभ मध्य विद्यालय बिशनपुर के प्रधानाध्यापक रोहिताश्व पप्पू, संगीत गुरु अमरनाथ झा, भोले शंकर झा, विजय कुमार दास, उच्च विद्यालय बिशनपुर के प्रधानाध्यापक अमित आनंद, मध्य विद्यालय देवधा बिशनपुर के प्रधानाध्यापक सतेंद्र चौधरी, मुखिया रितेश आनंद, सभी कलाकारों एवं स्पीक मैके के राज्य कोऑर्डिनेटर स्वरूप कुमार दास ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया.
छात्राओं ने स्वागत गान से किया कलाकारों का स्वागत
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की छात्राओं और संगीत शिक्षिका ने स्वागत गान प्रस्तुत कर कलाकारों का स्वागत किया. मंच संचालन विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुचित कुमार पप्पू ने किया. आयोजन के दौरान विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों और शिक्षकों में खासा उत्साह देखने को मिला.
नई पीढ़ी को भारतीय संगीत से जोड़ने की पहल
स्पीक मैके की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय शास्त्रीय संगीत की समृद्ध परंपरा से परिचित कराना और नई पीढ़ी में संगीत के प्रति रुचि विकसित करना रहा. आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को संगीत की बारीकियों के साथ भारतीय सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिला.
Also Read : पटना में बदली ट्रैफिक व्यवस्था, डाकबंगला से भट्टाचार्य रोड जाने वाला रास्ता बंद, जानें वैकल्पिक रास्ते
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए