आजमनगर में मरीज को ले जा रही एंबुलेंस बनी काल, मासूम बच्ची हुई गंभीर रूप से घायल
आजमनगर-दिल्ली-दीवानगंज तटबंध पर एक 4 साल की बच्ची तेज रफ्तार एंबुलेंस की चपेट में आ गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों की तत्परता से बच्ची को समय पर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया।
कटिहार, आजमनगर. आजमनगर थाना क्षेत्र के आजमनगर-दिल्ली-दीवानगंज तटबंध पर बुधवार दोपहर करीब 12 बजे तेज रफ्तार एंबुलेंस की चपेट में आने से चार वर्षीय बच्ची घायल हो गयी. हादसे में बच्ची को गंभीर चोटें आईं. स्थानीय लोगों ने घायल अवस्था में बच्ची को तत्काल आजमनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकीय टीम ने प्राथमिक उपचार किया.
मरीज को लेकर कटिहार जा रही थी एंबुलेंस
स्थानीय लोगों के अनुसार मरही चोल्हर गांव निवासी मो. इजहार आलम की चार वर्षीय पुत्री तौफा खातून तटबंध पर थी. इसी दौरान आजमनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की एंबुलेंस एक मरीज को लेकर कटिहार जिला मुख्यालय की ओर जा रही थी. इसी दौरान बच्ची एंबुलेंस की चपेट में आ गयी.
प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची को भेजा गया घर
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बच्ची को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आजमनगर पहुंचाया. चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया. प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र आजमनगर के प्रभारी डॉ. शैलेंद्र कुमार ने बताया कि बच्ची अब खतरे से बाहर है. प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया.
तटबंध पर वाहनों की रफ्तार को लेकर चिंता
घटना के बाद स्थानीय लोगों में तटबंध पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही को लेकर चिंता जतायी गयी. लोगों ने ऐसे स्थानों पर वाहन चालकों से सावधानी बरतने और रफ्तार नियंत्रित रखने की मांग की, जहां स्थानीय लोगों और बच्चों की आवाजाही रहती है.
Also Read : पटना में बदली ट्रैफिक व्यवस्था, डाकबंगला से भट्टाचार्य रोड जाने वाला रास्ता बंद, जानें वैकल्पिक रास्ते
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए