पूर्णिया एयरपोर्ट से मुंबई-बेंगलुरु की सीधी उड़ान जल्द, पप्पू यादव की केंद्रीय उड्डयन मंत्री से मुलाकात

Updated:
विज्ञापन

केंद्रीय मंत्री से मुलाकात करते सांसद | Prabhat Khabar Network

सीमांचल और उत्तर-पूर्वी बिहार के लिए खुशखबरी! पूर्णिया एयरपोर्ट से मुंबई और बेंगलुरु के लिए सीधी उड़ान सेवा अक्टूबर तक शुरू हो सकती है. यह कदम क्षेत्र की कनेक्टिविटी के लिए मील का पत्थर साबित होगा.

विज्ञापन

Purnia Airport News: सीमांचल और उत्तर-पूर्वी बिहार के लोगों के लिए बड़ी राहत वाली खबर सामने आई है. पूर्णिया एयरपोर्ट से मुंबई और बेंगलुरु के लिए सीधी उड़ान सेवा अक्तूबर तक शुरू होने की संभावना जताई गई है. पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने एयरपोर्ट संचालन के एक वर्ष पूरे होने के अवसर पर दिल्ली में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू से मुलाकात की और हवाई संपर्क विस्तार के साथ-साथ एयरपोर्ट के स्थायी सिविल एन्क्लेव निर्माण में तेजी लाने की मांग उठाई.

आपके शहर में

विज्ञापन

एक साल पूरा होने पर केंद्रीय मंत्री से मिले पप्पू यादव

सांसद पप्पू यादव ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री से मुलाकात कर पूर्णिया एयरपोर्ट से यात्री विमान सेवा शुरू कराने के लिए उनका आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट का संचालन शुरू होना पूरे सीमांचल क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है, जिससे व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और रोजगार के क्षेत्र में नई संभावनाएं बनी हैं.

उन्होंने विशेष रूप से पूर्णिया से मुंबई और बेंगलुरु के लिए सीधी उड़ान सेवा शुरू करने का अनुरोध किया.

अक्तूबर तक उड़ान शुरू होने की संभावना

सांसद के अनुसार केंद्रीय मंत्री ने उन्हें बताया कि पूर्णिया-मुंबई और पूर्णिया-बेंगलुरु मार्ग पर उड़ान सेवा अक्तूबर तक संभावित है.

उन्होंने एयर इंडिया, इंडिगो, एयर एशिया और अन्य विमानन कंपनियों को इन मार्गों पर उड़ान शुरू करने के लिए प्रोत्साहित करने तथा पूर्णिया से अन्य प्रमुख शहरों की कनेक्टिविटी भी बढ़ाने की बात कही.

यदि यह सेवा शुरू होती है, तो सीमांचल, कोसी और उत्तर-पूर्वी बिहार के हजारों यात्रियों को दिल्ली या पटना के बजाय सीधे मुंबई और बेंगलुरु जाने का विकल्प मिल सकेगा.

एयरपोर्ट विस्तार की जरूरत पर जोर

पप्पू यादव ने कहा कि केवल उड़ान सेवा बढ़ाने से पर्याप्त लाभ नहीं मिलेगा. इसके लिए एयरपोर्ट की आधारभूत संरचना को भी मजबूत करना जरूरी है.

उन्होंने कहा कि जब तक पर्याप्त टर्मिनल, एप्रन, टैक्सीवे और अन्य यात्री सुविधाएं विकसित नहीं होंगी, तब तक उड़ानों का व्यापक विस्तार व्यावहारिक रूप से कठिन रहेगा.

294.05 करोड़ की निविदा, लेकिन निर्माण शुरू नहीं

सांसद ने मंत्री को बताया कि 15 सितंबर 2025 को पूर्णिया में नवनिर्मित पूर्णिया एयरपोर्ट (सिविल एन्क्लेव) का उद्घाटन कर हवाई सेवा शुरू की गई थी.

हालांकि लगभग एक वर्ष बाद भी स्थायी सिविल एन्क्लेव का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है.

उन्होंने बताया कि भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) की ओर से स्थायी टर्मिनल भवन और संबंधित आधारभूत संरचना के निर्माण के लिए 294.05 करोड़ रुपये की निविदा जारी की जा चुकी है, लेकिन ठेकेदार चयन और वास्तविक निर्माण प्रक्रिया अब तक शुरू नहीं हुई है.

यात्रियों को अभी नहीं मिल रहीं आधुनिक सुविधाएं

सांसद ने कहा कि निर्माण कार्य में देरी के कारण यात्रियों को आधुनिक टर्मिनल, पर्याप्त बैठने की व्यवस्था, बेहतर प्रतीक्षालय और अन्य आवश्यक सुविधाओं का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है.

उन्होंने मांग की कि निविदा प्रक्रिया को शीघ्र अंतिम रूप देकर निर्माण कार्य तेजी से शुरू कराया जाए और इसे निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए.

Purnia Airport News: सीमांचल की कनेक्टिविटी के लिए महत्वपूर्ण कदम

पूर्णिया एयरपोर्ट से मुंबई और बेंगलुरु की सीधी उड़ान सेवा शुरू होने की संभावना को सीमांचल क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

इससे नौकरी, व्यवसाय, शिक्षा और चिकित्सा के लिए महानगरों की यात्रा करने वाले लोगों का समय और खर्च दोनों कम हो सकते हैं. अब लोगों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि अक्तूबर तक उड़ान सेवा शुरू होती है या नहीं और स्थायी सिविल एन्क्लेव का निर्माण कार्य कब शुरू होता है.

Also Read: बिहार : स्कूल बढ़े पर 38.5% स्टूडेंट ही 12वीं तक पहुंचे, पढ़ाई छोड़कर कहां जा रहे हैं बच्चे?

Also Read: वाघा बॉर्डर की तर्ज पर पूर्णिया में आज रात 12:01 बजे फहरेगा तिरंगा, पढ़ें 1947 से चली आ रही इस अद्भुत परंपरा का इतिहास


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन