हादसे और मौत से पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचे सांसद पप्पू यादव, मुआवजा और कार्रवाई का उठाया मुद्दा
फोटो- शोकाकुल परिजनों को ढांढस देते सांसद पप्पू यादव
पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने हादसों व अन्य घटनाओं में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों से मुलाकात की. उन्होंने शोकाकुल परिवारों को ढांढस बंधाया और उचित मुआवजा व कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया.
पूर्णिया. पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने मंगलवार को लोकसभा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों का दौरा कर हादसों और अन्य घटनाओं में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों से मुलाकात की. सांसद ने शोकाकुल परिवारों को ढांढस बंधाया और संबंधित मामलों में प्रशासन से आवश्यक कार्रवाई कराने का भरोसा दिया. इस दौरान उन्होंने एक सड़क हादसे में मृत युवक के परिजनों के लिए मुआवजे की पहल की, जबकि हत्या के शिकार दुकानदार के परिवार को आर्थिक सहायता भी दी.
आपके शहर में
सड़क हादसे में मृत राहुल के घर पहुंचे
पूर्णिया नगर निगम क्षेत्र के रामबाग वार्ड संख्या 31 निवासी गोपाल ठाकुर के 22 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार की कुछ दिन पहले तेज रफ्तार और कथित रूप से गलत दिशा से आ रही बस की चपेट में आने से मौत हो गई थी. सांसद पप्पू यादव राहुल के घर पहुंचे और परिजनों से घटना की जानकारी ली. उन्होंने आपदा विभाग के एडीएम से फोन पर बात कर पीड़ित परिवार को नियमानुसार उचित मुआवजा उपलब्ध कराने का आग्रह किया.
गोलीकांड में मृत चंदन के परिवार को दी आर्थिक मदद
इसके बाद सांसद मरंगा वार्ड संख्या 09 स्थित मुर्गी फॉर्म निवासी चाउमिन दुकानदार चंदन जायसवाल के घर पहुंचे. चंदन की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी. सांसद ने परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और अपनी ओर से 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की. उन्होंने पूर्णिया पुलिस के वरीय अधिकारियों से फोन पर बात कर घटना में शामिल अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की.
विधायक विजय खेमका की मां के निधन पर जताया शोक
सांसद ने बनमनखी नगर परिषद के दर्जीपट्टी वार्ड संख्या 02 स्थित सदर विधायक विजय खेमका के आवास पहुंचकर उनकी माताजी के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की. व्यस्तता के कारण अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो पाने के बाद सांसद ने परिजनों से मुलाकात कर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की.
डॉ. एम. रहमान के परिजनों से भी मिले
इसी क्रम में सांसद ने दर्जीपट्टी निवासी डॉ. एम. रहमान के निधन पर उनके परिजनों से मुलाकात की. उन्होंने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की.
कई शोकाकुल परिवारों से की मुलाकात
पप्पू यादव बनमनखी विधानसभा क्षेत्र के जियनगंज निवासी विजय कुमार यादव के घर भी पहुंचे और उनके पिता के निधन पर परिजनों को सांत्वना दी. वहीं पूर्णिया नगर क्षेत्र के बसहा यादव टोला निवासी पंचायत समिति सदस्य रविंद्र यादव के पिता के निधन पर उनके आवास पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की.
फलका और केनगर में भी पहुंचे सांसद
अपने दौरे के दौरान सांसद ने फलका प्रखंड के मोरसंडा गांव निवासी निक्कू झा के पिता पटेल झा के निधन पर उनके घर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की. इसके अलावा केनगर प्रखंड अंतर्गत बेला रिकाबगंज पंचायत के बेला गांव निवासी उमा यादव की माताजी के सपिंडन कार्यक्रम में भी शामिल हुए. इस दौरान उन्होंने शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए