पूर्णिया पुलिसिंग में बड़ा बदलाव, 15 जुलाई तक बंद होंगे शहर के अधिकांश टीओपी

Updated:
विज्ञापन

SSP पूर्णिया

पूर्णिया जिले की पुलिसिंग व्यवस्था में बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया गया है. 15 जुलाई तक शहर के अधिकांश टाउन आउट पोस्ट (TOP) बंद कर दिए जाएंगे, और कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी सीधे थानों को सौंपी जाएगी. इसके अलावा, GMC&H और एयरपोर्ट पर नई पुलिस चौकियां खुलेंगी.

विज्ञापन

पूर्णिया से अखिलेश चन्द्रा की रिपोर्ट

आपके शहर में

विज्ञापन

पूर्णिया जिले की पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी और जवाबदेह बनाने के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन ने बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया है. नई व्यवस्था के तहत शहर के अधिकांश टाउन आउट पोस्ट (टीओपी) को 15 जुलाई तक बंद कर दिया जाएगा. केवल गुलाबबाग टीओपी पूर्ववत संचालित रहेगा. इसके बदले संबंधित थानों को अधिक अधिकार और संसाधन देकर कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी.

अब सीधे थानों के जिम्मे होगी शहर की पुलिसिंग

एसएसपी ने बताया कि नई व्यवस्था लागू होने के बाद शहरी क्षेत्र में पुलिसिंग का संचालन सीधे संबंधित थानों के माध्यम से किया जाएगा. गुलाबबाग टीओपी अपने क्षेत्र के साथ कटिहार मोड़ इलाके की भी निगरानी करेगा.

वहीं डांगराहा ओपी में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी. चकमका ओपी पहले की तरह कार्य करता रहेगा, जबकि रूपेश्वरी ओपी में फिलहाल केवल पुलिस बल की मौजूदगी रहेगी.

टीओपी में नहीं लिए जाएंगे आवेदन

नई व्यवस्था के तहत टीओपी में अब न तो कोई आवेदन स्वीकार किया जाएगा और न ही टीओपी प्रभारी का पद रहेगा. वहां तैनात पुलिसकर्मी केवल गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालेंगे. किसी भी प्रकार की शिकायत के लिए लोगों को संबंधित थाने या ईआरएसएस की सेवा का उपयोग करना होगा.

जीएमसीएच और एयरपोर्ट में खुलेंगी नई पुलिस चौकियां

एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन ने बताया कि पुलिस की आवश्यकता को देखते हुए राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (जीएमसीएच) और पूर्णिया एयरपोर्ट परिसर में नई पुलिस चौकियां स्थापित की जाएंगी. इन दोनों संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की स्थायी मौजूदगी सुनिश्चित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.

जिले में बढ़ी पुलिस और ट्रैफिक बल की संख्या

एसएसपी के अनुसार जिले को लगातार अतिरिक्त पुलिस बल उपलब्ध कराया जा रहा है. अब तक करीब 500 अतिरिक्त जवान जिले में पहुंच चुके हैं. वहीं शहर की यातायात व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़ाकर 110 कर दी गई है. अतिरिक्त बल का उपयोग गश्ती, अपराध नियंत्रण और विशेष अभियानों में किया जाएगा.

लापरवाही पर अधिकारियों को चेतावनी

हाल के निरीक्षण के दौरान कई थानों में मामलों के निष्पादन में लापरवाही सामने आने पर संबंधित थानाध्यक्षों और सर्किल निरीक्षकों को चेतावनी दी गई है. एसएसपी ने सभी पुलिस अधिकारियों को जनता के साथ बेहतर व्यवहार करने, नियमित गश्ती करने तथा प्रत्येक मामले का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है.

प्रमुख बातें

  1. 15 जुलाई तक शहर के अधिकांश टीओपी बंद किए जाएंगे.
  2. केवल गुलाबबाग टीओपी पूर्ववत कार्य करता रहेगा.
  3. जीएमसीएच और पूर्णिया एयरपोर्ट परिसर में नई पुलिस चौकियां खुलेंगी.
  4. टीओपी में अब आवेदन नहीं लिए जाएंगे और टीओपी प्रभारी का पद समाप्त होगा.
  5. जिले में करीब 500 अतिरिक्त पुलिस जवान पहुंचे हैं.
  6. ट्रैफिक पुलिस बल की संख्या बढ़ाकर 110 कर दी गई है.
  7. थानों की जवाबदेही बढ़ाने और मामलों के त्वरित निष्पादन पर जोर दिया गया है.

और पढ़ें : पूर्णिया के इस मंदिर में मत्था टेककर ही सफर पर निकलते हैं यात्री


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन